जब दो लोग एक रिश्ते में होते हैं तो न सिर्फ वे अपना समय, बल्कि अपना मन, अपनी अच्छाइयां, अपनी बुराइयां सब एक-दूसरे के साथ साझा करते हैं। वे न सिर्फ अपना अतीत सामने रखते हैं बल्कि भविष्य की योजनाएं भी एक-दूसरे के साथ मिलकर तैयार करते हैं। रिश्तों में छोटी-मोटी तकरारें भी चलती रहती हैं, लेकिन ये छोटी-छोटी बातें बड़ी होकर रिश्ते में दरार पैदा न करें, उसके लिए आप इन चीजों को अपने जीवन में शुरु से ही शामिल कर सकते हैं। आगे की स्लाइड्स में जानिए कि रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए शुरुआत से ही किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
रिश्ते की शुरुआत में ही यदि रखेंगे इन बातों का ख्याल तो भविष्य में कभी नहीं आएगी दरार
जल्दी में फैसला न लें
यदि आपका साथी आपके साथ कोई बात साझा कर रहा है तो उसे इत्मीनान से सुनें। अक्सर होता है कि कोई स्वयं द्वारा की गई भूल, गलतियों के बारे में बात करता है तो हम सही-गलत का फैसला करने लग जाते हैं या जाने-अनजाने अपने साथी को ही इसके लिए दोषी ठहरा देते हैं। फैसला लेने के बजाय ऐसी बातें कहें जो उनके आत्मविश्वास को बढ़ाए और उनके मन का बोझ हल्का करे।
आपस में बातचीत बनाए रखें
किसी भी मजबूत रिश्ते की रीढ़ की हड्डी होती है बातचीत। इसे सुधारने का सबसे अच्छा तरीका होता है कि अपने साथी की बात बिना किसी पूर्वानुमान के सुनें। आपसी बातचीत में कभी भी जीत-हार का कोई स्थान नहीं होता है, बल्कि अपने साथी की बात को इस तरह सुनें-समझें कि आप उन्हें और बेहतर तरीके से जानना चाहते हैं।
आपस में एक नियम जरूर बनाएं
मेरे नाना-नानी का एक तय नियम था। दोनों का दिन कैसा भी गुजरे, उनमें कितनी तकरारें हो जाएं वे रात का खाना साथ बैठकर खाते थे। साथ भोजन करते वक्त एक-दूसरे की फिक्र में सारे गिले-शिकवे धुल जाया करते थे। यदि ऐसा ही कोई नियम जो दोनों के लिए कर पाना सम्भव हो तो उसे अपने जीवन में शामिल किया जा सकता है।
खुद को समय देने से न डरें
विवाह सूत्र में बंधना या किसी के साथ रिश्ते में होने का अर्थ यह नहीं है कि आपके पास अब स्वयं के लिए समय नहीं होगा। एक स्वस्थ रिश्ते के लिए यह आवश्यक है कि दोनों कुछ समय सिर्फ खुद के साथ बिताएं जिसमें वे अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं या जो उन्हें पसंद हो वह उस समय में किया जा सकता है।