Narak Chaturdashi 2023 : दीपोत्सव की शुरुआत 10 नवंबर को धनतेरस से हो रही है। अगले दिन छोटी दिवाली यानी नरक चतुर्दशी मनाते हैं। इस वर्ष नरक चतुर्दशी दो दिन मनाई जा रही है। नरक चतुर्दशी का पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है।
Narak Chaturdashi 2023: नहीं मिल पा रहा साफ-सफाई के लिए वक्त तो नरक चतुर्दशी पर अपनाएं ये टिप्स, चमकेगा घर
मिलकर काम करें
अगर एक व्यक्ति पूरे घर की सफाई करेगा तो अधिक समय लग सकता है। कम समय में और थकान से बचने के लिए घर की सफाई करते समय परिवार के अन्य सदस्यों को भी शामिल करें। बच्चों की मदद भी ले सकते हैं। उन्हें सामान से धूल, मिट्टी झाड़ने का काम दे सकते हैं। ऊंचे स्थानों जैसे पंखा, छत या दीवारों पर लगे जाले आदि की सफाई की जिम्मेदारी पुरुषों को दे सकते हैं।
योजना बनाकर करें सफाई
सही योजना के मुताबिक सफाई करें, जैसे कमरों, रसोई घर या अन्य स्थानों की सफाई कब और कैसे करनी है, शुरुआत घर के ऊपरी हिस्सों से करें। घर के सामान को व्यवस्थित कर लें, ताकि घर खाली लगने लगे।
बेकार सामान करें बाहर
जो सामान काम का नहीं है, कबाड़ या बेकार हो, उसे घर से बाहर निकाल दें। अगर कोई मशीन खराब हो गई है तो उसे रिपेयर करा लें या जरूरत की न हो तो किसी गरीब व जरूरतमंद को दे दीजिए। ऐसा करने से घर में कुछ जगह खाली हो जाएगी और देखने में साफ-सुथरा महसूस होगा।
कोने साफ करें
लगभग हर दिन ही लोगों के घर में झाड़ू या पोछा लगता है, इसलिए ऊपरी साफ सफाई रहती है, हालांकि घर के कोनों में छिपी गंदगी, दीवारों पर लगा जाला, रसोई घर में जमे तेल के धब्बे आदि नियमित साफ नहीं हो पाते हैं। नरक चतुर्दशी के मौके पर इन सब की सफाई पर ध्यान दें। बेड या अलमारी के कोने में जमी धूल-मिट्टी को बाहर निकालें।