ऊनी कपड़ों की सही तरीके से देखभाल न की जाए, तो एक-दो इस्तेमाल के बाद ही इनके आकार और रंग में अंतर साफ नजर आने लगता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके ऊनी कपड़े सालों-साल चलें, तो इनकी देखभाल भी इन तरीकों से करें।
ऊनी कपड़ों को धोने से पहले उसके लेबल पर लिखे निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। अगर ऊनी कपड़े पर लिखा है- `ड्राई क्लीन ओनली’ तो उसे कपड़े को घर पर कभी भी साफ न करें। ऊनी कपड़ों को धोने से पहले किसी मुलायम ब्रश से अच्छी तरह से साफ कर लें और धोते समय इसे उलटा कर लें।
सामान्य डिटर्जेंट की जगह ऊनी कपड़ों के लिए खास बने डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें, क्योंकि सामान्य डिटर्जेंट से ऊनी रेशे कठोर बन जाते हैं। बेबी शैंपू या सामान्य शैंपू भी ऊनी कपड़ों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऊनी कपड़ों हर दिन धोना भूल जाएं। ऊनी कपड़ों की लाइफ बढ़ाना चाहते हैं, तो उसे धोने की जरूरत हो, तभी धोएं। हर इस्तेमाल के बाद हवा में फैलाने भर से भी ऊनी कपड़े हाइजीन फ्री हो जाते हैं। इस्तेमाल के बाद ऊनी कपड़ों को मुलायम ब्रश से झाड़ना न भूलें। ऐसा करके आप वुलेन कपड़ों को कई बार पहन सकते हैं।
ऊनी कपड़ों को डिटर्जेंट में धोने से पहले ठंडे पानी में 5-10 मिनट के लिए भिगोएं। इससे ऊनी कपड़ों के सिकुड़ने की संभावना कम हो जाती है। इसके बाद सही डिटर्जेंट में इन्हें धोएं। ऊनी कपड़ों को फिटकरी के पानी से धोने पर, वे न तो सिकुड़ेंगे, न ही रंग छूटेगा। सिकुड़ने से बचाने के लिए आप पानी में एक चम्मच ग्लिसरीन या सिरका भी मिला सकते हैं।