सर्दियों में सूप पीना फायदेमंद होता है। सर्दी-जुकाम, वायरल फीवर जैसी बीमारियों से बचाने के लिए गर्मागर्म सूप सेहतमंद पेय है। सर्दी में यह गर्मी का एहसास तो देता ही है, इसे पीने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं। वैसे तो बाजार में कई प्रकार के रेडीमेड सूप उपलब्ध रहते हैं, लेकिन बाजार में उपलब्ध सब्जियों की मदद से आप घर में भी सूप बना सकते हैं।
सर्दियों में बहुत फायदेमंद होता है सूप, इन बातों का रखें ध्यान तो बढ़ जाएगा स्वाद
अगर आप वेज सूप बनाना चाहते हैं, तो आपके लिए गाजर का सूप बहुत अच्छा रहेगा। इसे बनाने के लिए आप इसमें गाजर के साथ अदरक और लहसुन मिलाएं और थोड़े खड़े मसाले जैसे लौंग और काली मिर्च मिलाकर बहुत स्वादिष्ट सूप बना सकती हैं।
पालक के सूप से मिलेगा आयरन
कुछ साल पहले तक ज्यादातर लोग चार-पांच तरह के गिनती के सूप्स ही ज्यादा बनाते थे, जैसे टमाटर, गाजर, मिक्स वेज, पालक, चुकंदर और मशरूम आदि। वहीं आज सूप्स में भी कई तरह की वरायटी आ गई है। आप पालक का सूप भी पी सकती हैं। इससे आपको भरपूर मात्रा में आयरन मिलेगा। आप पालक और अदरक या फिर पालक और कॉर्न का सूप भी बना सकती हैं
सूप बनाना है बहुत आसान
सूप बनाना बहुत ही आसान है। घर में जो भी सब्जी हो, आप उसी का सूप बना सकते हैं। उदाहरण के लिए घर में गाजर है, तो उसमें अदरक और लहसुन मिलाएं और गाजर का सूप बना लें। थोड़ी सी पालक पड़ी है, तो उसे धोकर, उबाल कर मिक्सी में पीस लें और पालक का सूप बना लें। इन थोड़ी-थोड़ी सब्जियों में कुछ मसाले मिलाएं और आपका सूप तैयार हो गया।
- गाजर का सूप बना रही हैं तो उसमें अदरक, लुहसुन, काली मिर्च और लैमन ग्रास डालें।
- मटर का सूप बना रही हैं तो उसमें थोड़ा सा पुदीना डाल दें। बहुत अच्छा स्वाद मिलेगा।
- टमाटर के सूप में अदरक और लुहसुन दोनों का फ्लेवर बहुत अच्छा लगता है बाद में बारीक कटा धनिया डाल दें।
- दाल सूप बना रहे हैं तो उसमें करी पत्ता और सरसों का छौंक लगाएं। बहुत अच्छा स्वाद मिलेगा।