ऐसे लोग शायद ही आपको मिलें जिन्हें चॉकलेट खाना पसंद न हों। हालांकि कई लोगों को इससे होने वाले नुकसान के कारण अपनी पसंद को दबाना पड़ जाता है। माना जाता रहा है कि चॉकलेट तेजी से वजन बढ़ा देता है, यही कारण है कि ज्यादातर लोगों को न चाहते हुए भी चॉकलेट से दूरी बनानी पड़ जाती है। ऐसे लोगों के लिए अब बड़ी खुशखबरी है, हाल ही में हुए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने जो बताया है, चॉकलेट प्रेमियों के लिए वह किसी बड़ी खुशी से कम नहीं है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि चॉकलेट का सेवन वजन घटाने और मधुमेह को नियंत्रित करने में बेहद फायदेमंद हो सकता है। यह अध्ययन मासिक धर्म के बाद की महिलाओं पर किया गया है।
अध्ययन: अब बेफिक्र होकर खा सकते हैं चॉकलेट, वजन बढ़ने का कोई डर नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चॉकलेट खाने के क्या फायदे हो सकते हैं?
यह अध्ययन मेनोपॉज की अवस्था वाली 19 महिलाओं पर किया गया। इन महिलाओं को एक सीमित समय के लिए निश्चित मात्रा में चॉकलेट खाने के लिए दिया गया। अध्ययन के निष्कर्ष में वैज्ञानिकों को दो महत्वपूर्ण बातें जानने को मिलीं। पहला- सुबह के समय चॉकलेट का सेवन करना फास्टिंग ग्लूकोज के स्तर को कम कर सकता है और दूसरा- चॉकलेट के सेवन के बावजूद महिलाओं के वजन में कोई महत्वपूर्ण वृद्धि नहीं देखी गई। हार्वर्ड गजट द्वारा रिपोर्ट किए गए इस अध्ययन को फेडरेशन ऑफ अमेरिकन सोसाइटीज फॉर एक्सपेरिमेंटल बायोलॉजी (FASEB) में प्रकाशित किया गया है।
व्हाइट मिल्क चॉकलेट पर किया गया अध्ययन
अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि प्रतिभागियों को दो सप्ताह के लिए रोजाना 100 ग्राम की मात्रा में व्हाइट मिल्क चॉकलेट खाने को दिया गया। व्हाइट चॉकलेट के सेवन के बाद प्रतिभागियों की ऊर्जा में बढ़ोतरी देखी गई। सबसे खास बात यह कि अब तक माना जा रहा था कि चॉकलेट का सेवन वजन बढ़ाता है, जबकि इस अध्ययन में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। महत्वपूर्ण बात यह भी रही है कि इसे ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में भी फायदेमंद पाया गया है। इस अध्ययन में चॉकलेट के सेवन के समय को विशेष ध्यान में रखा गया है।
अध्ययन की महत्वपूर्ण बातें क्या रहीं?
इस अध्ययन के निष्कर्ष के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह हो या रात, चॉकलेट खाने से वजन नहीं बढ़ता। सुबह के समय चॉकलेट का सेवन फैट बर्न करने के साथ ब्लड शुगर के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। इस अध्ययन के प्रमुख लेखकों में से एक फ्रैंक ए.जे.एल. शीर कहते हैं, यह अध्ययन न केवल 'क्या' बल्कि किसी चीज को हम 'कब' खाते हैं, इस बात पर केंद्रित है। हमारे खाने की आदतें और उसका समय, शरीर को किस तरह से प्रभावित कर सकती हैं, अध्ययन में इस बात पर जोर दिया गया है।
क्या निष्कर्ष निकला?
हार्वर्ड से संबद्ध ब्रिघम और वुमेन हॉस्पिटल में मेडिसिन और न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और अध्ययन के लेखको में से एक मार्टा गैरालेट कहते हैं, इस अध्ययन में हमने पाया कि चॉकलेट खाने से कैलोरी का मात्रा बढ़ने के बावजूद प्रतिभागियों के वजन में बढ़ोतरी नहीं हुई है। यह अध्ययन सफेद चॉकलेट पर किया गया है। अध्ययन का सैंपल भले ही छोटा है लेकिन इसके परिणाम वृहद रूप में देखे जा सकते हैं। अन्य आयुवर्ग के लोगों पर इसके परिणाम जानने के लिए हमें इस अध्ययन को और विस्तार से करने की आवश्यकता है।
-------------
स्रोत और संदर्भ:
Timing of chocolate intake affects hunger, substrate oxidation, and microbiota: A randomized controlled trial
अस्वीकरण नोट: यह लेख फेडरेशन ऑफ अमेरिकन सोसाइटीज फॉर एक्सपेरिमेंटल बायोलॉजी (FASEB) में प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। अमर उजाला इस अध्ययन को लेकर कोई दावा नहीं करता है।