थायराइड विकार, एक प्रकार की हार्मोनल समस्या है, जिसके मामले पिछले एक दशक में काफी तेजी से बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। थायराइड, एक तितली के आकार की ग्रंथि है जो गर्दन के सामने के निचले हिस्से में होती है। यह ग्रंथि कुछ विशिष्ट हार्मोन का उत्पादन करके मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने में मदद करती है। इस ग्रंथि से ऐसे कई महत्वपूर्ण हार्मोन भी उत्पादित होते हैं जो शरीर की कोशिकाओं को बताते हैं कि कितनी ऊर्जा का उपयोग करना है। मसलन शरीर के कामकाज को व्यवस्थित रखने में इस ग्रंथि की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। ऐसे में इसमें होने वाली समस्याओं का असर पूरे शरीर को प्रभावित कर सकता है।
Thyroid Disorder: नाखून और बालों में ऐसे बदलाव थायराइड विकारों के हो सकते हैं संकेत, ऐसे करें लक्षणों की पहचान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थायराइड विकार के सामान्य संकेत
क्लीवलैंड क्लीनिक की रिपोर्ट के अनुसार थायराइड रोग दो प्रकार के होते हैं- बहुत अधिक मात्रा में थायराइड हार्मोन का उत्पादन (हाइपरथायरायडिज्म) और बहुत कम मात्रा में थायराइड हार्मोन का उत्पादन (हाइपोथायरायडिज्म)।
हाइपरथायरायडिज्म की स्थिति में ऐसी दिक्कतों का अनुभव होता है-
- चिंता, चिड़चिड़ापन और घबराहट का अनुभव करना।
- सोने में परेशानी होना।
- वजन कम होना।
- मांसपेशियों में कमजोरी और कंपकंपी होना।
- अनियमित मासिक धर्म या मासिक धर्म रुक जाना।
- गर्मी के प्रति संवेदनशील महसूस करना।
वहीं हाइपोथायरायडिज्म में लोगों को ऐसी दिक्कतों का अनुभव होता है-
- थकान महसूस होना।
- वजन बढ़ना।
- चीजों को बार-बार भूलने की समस्या।
- कर्कश आवाज।
- ठंडे तापमान के प्रति संवेदनशीलता।
नाखूनों से कैसे पता करें थायराइड विकार?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक आपके नाखून, शरीर की तमाम तरह की समस्याओं के बारे में संकेत देते हैं। यदि आपके नाखूनों का विकास धीमा हो गया हो या फिर बार-बार टूटे रहे हों तो ये लक्षण अंडरएक्टिव थायराइड समस्या का संकेत हो सकते हैं। थायराइड हार्मोन का उत्पादन कम होने के कारण शरीर के सभी कार्य धीमे हो जाते हैं। यह नाखूनों को भी प्रभावित करता है। नाखूनों पर ध्यान रखकर प्रारंभिक तौर पर इस समस्या का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी एसोसिएशन के अनुसार, अंडरएक्टिव थायराइड की स्थिति में नाखूनों पर लकीरें भी नजर आ सकती हैं। वहीं नाखूनों का कमजोर होना इसका सामान्य संकेत है। कुछ रोगियों को बिस्तर से उठते समय टूटे हुए नाखून दिख सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक थायराइड विकार के अन्य लक्षणों के साथ यदि आपको नाखूनों से संबंधित इस तरह की दिक्कतों का अनुभव होता आ रहा हो तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर ले लें।
ऐसे भी लगाया जा सकता है अंदाजा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक थायराइड विकार की समस्या में शरीर में कुछ अन्य दिक्कतें भी महसूस होने लगती हैं, इस बारे में भी लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। थायराइड हार्मोन पसीने के स्तर को नियंत्रित करते हैं, इसलिए अंडरएक्टिव थायराइड की स्थिति वाले रोगी को कम पसीना आ सकता है। इससे नाखून, त्वचा और बाल रूखे दिख सकते हैं। शरीर में असामान्य बदलाव महसूस होने पर डॉक्टर से सलाह लेकर स्थिति का समय पर निदान और उपचार किया जाना बहुत आवश्यक है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।