दुनियाभर में पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से जारी कोरोना के संक्रमण से बचाव को ही सुरक्षा का सबसे कारगर उपाय माना जा रहा है। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को अच्छी तरह से मास्क लगाकर रखने, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने और हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। कोरोना के नए और अधिक घातक वैरिएंट्स के सामने आ रहे मामलों के बीच कई अध्ययनों में लोगों को डबल-मास्किंग की भी सलाह दी जा रही है।
सावधान: कोविड के बीच लोगों में बढ़ी 'मास्कएक्ने' की समस्या, जानिए इसके लक्षण और बचाव के तरीके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मास्क के कारण हो रही हैं त्वचा संबंधी दिक्कतें
कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने और बीमारी से सुरक्षित रहने के लिए सभी लोगों के लिए मास्क पहनना बहुत महत्वपूर्ण हो गया है। जहां भी जाएं आपको हर समय मास्क पहने लोग मिल जाएंगे। किराने की दुकान पर हो या पार्क, ऑफिस में हो या परिवहन सुविधाओं में लोगों के लिए मास्क पहनकर रखना अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि लगभग डेढ़ साल से अधिक समय से ज्यादा से ज्यादा वक्त तक मास्क पहनकर रखने के कारण लोगों को त्वचा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों की मानें तो लंबे समय तक मास्क पहने रहने से लोगों को मुंहासे, त्वचा पर लालिमा, खुजली और दाने निकलने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
क्यों हो रही है मास्कएक्ने की समस्या?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो लंबे समय तक मास्क पहनने से आपकी त्वचा को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाता है। इसके अलावा त्वचा पर होने वाली नमी को मास्क अवशोषित कर लेता है, जिसके कारण रोम छिद्र बंद हो जाते हैं और नमी के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। यह स्थिति मुंहासे, त्वचा पर लालिमा और खुजली का कारण बन सकती है। इसके अलावा मास्क के कारण त्वचा से होने वाले घर्षण की स्थिति में भी इस तरह की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। वहीं यदि आपकी त्वचा कुछ प्रकार के कपड़ों की सामग्री के प्रति संवेदनशील है, तो इससे एलर्जी की प्रतिक्रिया भी हो सकती है।
कैसे बचें इन समस्याओं से?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादा देर तक मास्क लगाने के कारण त्वचा पर होने वाली इन समस्याओं से बचने के लिए आपके सबसे पहले अच्छे क्वालिटी के मास्क पहनने की जरूरत है। चूंकि कोरोना संक्रमण के मामले फिर एक बार बढ़ने शुरू हो गए हैं और नए वैरिएंट्स तीसरी लहर की आशंका भी बढ़ा रहे हैं, ऐसे में बाहर जाते समय मास्क लगाकर रखना आवश्यक है। हालांकि जब आसपास ज्यादा भीड़ न हो या आप किसी कमरे में हो तो मास्क उतार लेना चाहिए, जिससे त्वचा को ऑक्सीजन मिलती रहे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मास्क के कारण बढ़ती त्वचा की समस्याओं को देखते हुए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आप अपने चेहरे को समय-समय पर धोते रहें। मास्क निकालने के बाद चेहरे को पानी से साफ करना न भूलें। ऐसा करने से आपकी त्वचा की अशुद्धियों खत्म हो जाएगी। चेहरे को धोने के बाद त्वचा पर बिना रसायन वाला क्रीम या मॉइस्चराइज़र जरूर लगाएं। इससे रोमछिद्र बंद नहीं होंगे साथ ही त्वचा पर होने वाली समस्याओं को भी कम किया जा सकेगा। ध्यान रहे, त्वचा पर रसायनिक सौंदर्य प्रसाधनों के प्रयोग से बचना चाहिए।
------
नोट: यह लेख मीडिया रिपोर्टस और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार किया गया है। ज्यादा जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से सलाह लें।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।