क्या धूम्रपान करना आपकी आदत में शामिल हो चुका है? क्या आपको सिगरेट की लत लग चुकी है? कई बार देखा जाता है कि लोग धूम्रपान की अपनी आदत छोड़ना तो चाहते हैं, लेकिन लंबे समय से इस लत का शिकार होने के बाद वे सोचते हैं कि बहुत देर हो चुकी है। लेकिन हाल ही में हुए एक रिसर्च इस मामले में 'देर आए, दुरुस्त आए' की कहावत चरितार्थ करती है। जानकर आपको हैरानी हो सकती है, लेकिन इस रिसर्च में यह बात प्रमाणित हुई है कि धूम्रपान की आदत छोड़ते ही फेफड़े अपने आप ठीक होने लगते हैं और आप कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बच सकते हैं।
2 of 7
No Smoking
- फोटो : pixabay
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित जर्नल नेचर में प्रकाशित एक रिसर्च में शोधकर्ताओं ने बताया है कि धूम्रपान छोड़ने से कैंसर का खतरा कम हो जाता है। सभी जानते हैं कि धूम्रपान से फेफड़ों का कैंसर हो सकता है लेकिन धूम्रपान की आदत छोड़ने से शरीर क्षतिग्रस्त हुई कोशिकाओं को खुद ही ठीक करने लगता है और फेफड़े अपने आप स्वस्थ हो सकते हैं।
शोधकर्ता पीटर कैंपबेल के मुताबिक जो लोग 10-20 या इससे अधिक सालों से स्मोकिंग करते रहे हैं, वे सोचते हैं कि जो नुकसान होना था वह हो चुका है और अब क्या फायदा? ऐसे लोगों के लिए यह रिसर्च आशा की किरण लेकर आई है। इस रिसर्च में बताया गया है कि धूम्रपान की आदत को कभी भी छोड़ा जा सकता है।
इस स्टडी में जिन 16 लोगों को शामिल किया गया था, उनमें से कई अपने जीवन में करीब 15,000 हजार सिगरेट के पैकेट खत्म किए थे। ऐसे लोगों ने जब धूम्रपान छोड़ा तो कुछ सालों के भीतर ही उनकी श्वास नली को अस्थिर करने वाली कोशिकाओं में धूम्रपान से हुए नुकसान नदारद थे। इस अध्ययन में जीवन भर धूम्रपान करने वाले, आदत छोड़ने वाले, कभी स्मोकिंग नहीं करने वाले और कुछ बच्चों को भी शामिल किया गया था।
सभी के फेफड़ों की बायोप्सी का लैब में विश्लेषण किया गया। धूम्रपान करने वाले 10 में से नौ लोगों के फेफड़ों की कोशिकाओं में ऐसा म्यूटेशन पाया गया, जो कैंसर का कारण बन सकता है। वहीं धूम्रपान छोड़ने वालों की क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की जगह स्वस्थ कोशिकाएं ले चुकी थीं। उनके फेफड़े बिल्कुल वैसे ही थे, जैसे कभी धूम्रपान नहीं करने वालों के थे। ऐसे लोगों के फेफड़ों की 40 फीसदी तक कोशिकाएं स्वस्थ थी, यानि धूम्रपान करने वालों की तुलना में चार गुना ज्यादा स्वस्थ।