कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने यूरोप में कई देशों को फिर से पाबंदिया लागू करने पर मजबूर कर दिया है। इटली और स्पेन जैसे देशों में रात्रि कर्फ्यू समेत कई तरह की पाबंदिया लगाई जा रही हैं। वहीं फ्रांस में भी राष्ट्रपति मैक्रों ने दूसरे लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। वहीं, भारत में भी पिछले दो दिनों से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जहां 43,893 नए मामले सामने आए थे, वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमण के करीब 50 हजार मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि इससे 517 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के चलते अबतक देश में 80.40 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। ऐसे में जरूरी है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए तमाम एहतियात बरते जाएं और इससे सुरक्षा के उपाय किए जाएं। जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता ने हाल ही में किए एक अध्ययन में बचाव के दो उपायों को जरूरी बताया है।
2 of 5
सामाजिक दूरी का पालन करती दो महिलाएं (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Pixabay
स्वास्थ्य जर्नल 'फिजिक्स ऑफ फ्लूइड' में प्रकाशित अध्ययन में वैज्ञानिकों ने कहा है कि मास्क और शारीरिक दूरी कोरोना संक्रमण को रोकने में बहुत कारगर उपाय है। साधारण कपड़े का मास्क भी महत्वपूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराता है और यह कोविड-19 के प्रसार में कमी ला सकता है। इसके साथ ही शारीरिक दूरी को दोगुना करने से कोरोना वायरस के खिलाफ दोगुनी सुरक्षा मिल सकती है।
3 of 5
Social distancing
- फोटो : Pixabay
इस अध्ययन रिपोर्ट के सह-लेखक जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के रजत मित्तल ने कहा कि यदि आप अपनी भौतिक दूरी को दोगुना कर देते हैं, तो आप अपनी सुरक्षा को भी सामान्य तौर पर दोगुना कर देते हैं। इस तरह का नियम संबंधित नीति बनाने में मदद कर सकता है। बता दें कि आम तौर पर कोरोना से बचने को दो गज की दूरी जरूरी बताई जाती रही है।
4 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
शोध पत्रिका 'फिजिक्स ऑफ फ्लूइड' में प्रकाशित इस अध्ययन में कहा गया है कि साधारण कपड़े का मास्क भी महत्वपूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराता है और यह कोरोना के प्रसार में कमी ला सकता है। मित्तल ने कहा, "हमने यह भी देखा कि सांस की गति बढ़ाने वाली कोई भी शारीरिक गतिविधि प्रसार का जोखिम बढ़ा देगी। इन निष्कर्षों के स्कूल, जिम और मॉल आदि को दुबारा खोलने के संबंध में महत्वपूर्ण निहितार्थ हैं।"
5 of 5
Coronavirus prevention
- फोटो : PTI
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए शुरुआत से ही इन एहतियातों के बारे में बताया जाता रहा है। हाथों की साफ सफाई, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का इस्तेमाल बहुत जरूरी है। इसके साथ ही अपने खानपान पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है, ताकि शरीर की इम्यूनिटी बनी रहे। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय की ओर से च्यवणप्राश, आयुर्वेदिक काढ़ा, दूध—हल्दी और अन्य जरूरी सलाह, संबंधित प्रोटोकॉल में दी गई हैं।