जीवनशैली और आहार संबंधी गड़बड़ी के कारण पिछले कुछ वर्षों में वजन बढ़ने की समस्या ने लोगों को बहुत परेशान किया है। अध्ययनों से पता चलता है कि अधिक वजन के कारण लोगों में डायबिटीज और हृदय रोग जैसी बीमारियों का जोखिम कई गुना तक बढ़ जाता है, यही कारण है कि सभी लोगों को लगातार वजन कम करने के उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है। पर क्या बढ़े हुए वजन को आसानी से कम करना इतना आसान है? हाल ही में हुए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने ऐसे ही एक तरीके के बारे में बताया है जो आसानी से वजन कम करने में आपकी मदद कर सकता है।
काम की बात: खाने के तरीके में ऐसा बदलाव करके आसानी से घटा सकते हैं वजन, वैज्ञानिकों ने बताया सबसे आसान उपाय
भोजन के तरीके से पड़ता है वजन पर असर
वैज्ञानिकों का कहना है कि हमारे भोजन करने का तरीका सीधे तौर पर वजन को प्रभावित करता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि सभी को भोजन अच्छी तरह से चबाकर करना चाहिए। ऐसा करने से डाइट इंड्यूस्ड थर्मोजेनेसिस (डीआईटी) को बढ़ाया जा सकता है। डीआईटी, खाने के बाद शरीर द्वारा उत्पन्न गर्मी की मात्रा को संदर्भित करता है और यह मेटाबॉलिक दर को प्रभावित करता है।
भोजन को चबाकर करना है फायदेमंद
अध्ययन में शोधकर्ता बताते हैं, हमें अक्सर इस बात का एहसास नहीं होता है कि चबाने जैसी छोटी सी क्रिया हमारे मेटाबॉलिज्म को कैसे प्रभावित कर सकती है? हालांकि अध्ययन के दौरान यह पाया गया कि जिन प्रतिभागियों ने भोजन को खूब चबा-चबाकर खाया उनमें डीआईटी का स्तर अधिक था। विशेषज्ञों ने यह भी नोट किया कि भोजन और नाश्ते के आधार पर डीआईटी का स्तर अलग-अलग हो सकता है। हालांकि कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि वजन कम करने की कोशिशों में लगे लोगों के लिए इस तरीके को काफी कारगर माना जा सकता है।
कई अध्ययनों में मिल चुकी है प्रमाणिकता
यह अध्ययन अकेला नहीं है जिसमें वजन घटाने के लिए भोजन को अच्छी तरीके से चबाने पर जोर दिया गया है। इससे पहले, जर्नल ऑफ द एकेडमी ऑफ न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स में प्रकाशित एक परीक्षण में वैज्ञानिकों ने पाया था कि निगलने से पहले भोजन को अच्छे तरीके से चबाने से खाने की अवधि बढ़ती है और इससे तृप्ति की भावना पैदा हो सकती है। नतीजतन कैलोरी की मात्रा कम हो जाती है, जो वजन को कम करने में सहायक मानी जाती है। अधिक चबाचबाकर भोजन करने वाले लोगों में तेजी से वजन बढ़ने की समस्या अन्य की तुलना में काफी कम होती है।
वजन कम करने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
अध्ययन के निष्कर्ष में विशेषज्ञों ने इस बात पर भी जोर दिया कि हमें इस बात पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है कि हम भोजन भूख के कारण कर रहे हैं या तनाव और चिंता के कारण। तनाव और चिंता जैसी स्थितियों में भोजन करने से भी तेजी से वजन बढ़ने का खतरा रहता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर हम सिर्फ अपने खाने-पीने की आदतों में सुधार कर लें तो बिना कुछ खास मेहनत किए आसानी से वजन कम कर सकते हैं। बस सही तरीके और भोजन के सही समय का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है।
----------------
स्रोत और संदर्भ
Chewing increases postprandial diet-induced thermogenesis
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।