हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए जिन पोषक तत्वों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, कैल्शियम उनमें से एक है। ये पोषक तत्व हड्डियों और दांतों की संरचना को ठीक रखने और उन्हें मजबूती देने के लिए जरूरी माना जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी उम्र के लोगों को आहार में कैल्शियम वाली चीजों को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं।
Bone Health: हड्डियों की मजबूती के लिए सिर्फ कैल्शियम वाली चीजें ही पर्याप्त नहीं, इस विटामिन के बिना सब बेकार
हड्डियों और दांतों के लिए बहुत जरूरी है कैल्शियम
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उम्र के लोगों के लिए नियमित रूप से अपने आहार से कैल्शियम प्राप्त करना आवश्यक माना जाता है। अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार 19-50 वर्ष की आयु वाले पुरुषों और महिलाओं को नियमित रूप से 1,000 से 1300 मिलीग्राम कैल्शियम की जरूरत होती है। जिन लोगों में कैल्शियम की कमी हो जाती हैं उनमें आर्थराइटिस, ऑस्टियोपोरोसिस, दांतों की कमजोरी सहित कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
आप दूध, दही, पनीर, सोया दूध, टोफू और कुछ सब्जियों जैसे खाद्य पदार्थों से कैल्शियम प्राप्त कर सकते हैं।
पर सिर्फ कैल्शियम ही पर्याप्त नहीं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नियमित रूप से कैल्शियम का सेवन तो जरूरी है ही पर सिर्फ कैल्शियम ही हड्डियों और दांतों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त नहीं है। कैल्शियम के साथ आहार में विटामिन-डी वाली चीजों को भी शामिल किया जाना चाहिए। विटामिन-डी न सिर्फ हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है साथ ही शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
विटामिन डी कैल्शियम अवशोषण के लिए जरूरी
विटामिन-डी, कैल्शियम अवशोषण के लिए आवश्यक है। भले ही आप कैल्शियम वाली चीजें खाते हैं पर पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी के बिना, आपका शरीर कैल्शियम को अवशोषित नहीं कर पाता है। यही कारण है जिन लोगों में विटामिन-डी की कमी हो जाती है उनकी हड्डियां काफी कमजोर होने लगती हैं।
यदि आपको सूर्य की रोशनी से पर्याप्त विटामिन डी नहीं मिल रहा है, तो भोजन में कुछ चीजों या फिर डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट का सेवन करना होता है जिससे शरीर अच्छी तरीके से कैल्शियम अवशोषण कर सके।
कैल्शियम और विटामिन-डी के लिए क्या खाएं?
दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी खाद्य पदार्थों को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके अलावा कुछ पत्तेदार हरी सब्जियों और नट्स-सीड्स में भी कैल्शियम होता है, इसे भी आहार का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। यदि आपके आहार में पर्याप्त कैल्शियम नहीं है, तो आपको ऑस्टियोपोरोसिस होने का जोखिम बढ़ सकता है।
कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाने के लिए दूध, पनीर, पत्तेदार सब्जियां, मशरूम, सोया वाली चीजों का सेवन करना चाहिए। सूर्य की रोशनी को विटामिन-डी का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए सुबह कुछ वक्त धूप में जरूर बिताएं।
-------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।