Medically Reviewed by-
देशभर में दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में चहल-पहल और भीड़ बढ़ती हुई देखी जा रही है। वहीं दूसरी तरह त्योहारों का मौसम शुरू होते ही देश में कोरोना के मामलों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। भारत सहित दुनिया के तमाम हिस्सों से कोरोना के बढ़ते मामलों की खबरें सामने आ रही है, इसे देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी लोगों को त्योहार के इस मौसम में कोरोना से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना महामारी की तीसरी लहर अभी भी एक बड़ी चिंता है, इसलिए स्वास्थ्य या सुरक्षा से समझौता किए बिना दीपावली मनाने के लिए उचित सावधानी बरतना अनिवार्य है।
कुछ रिपोर्टस में दावा किया जा रहा है कि अगर त्योहारों के मौसम में जरा भी लापरवाही बरती गई तो कोरोना एक बार फिर से उग्र रूप ले सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि किन उपायों को प्रयोग में लाकर कोरोना से बचाव करते हुए दीपावली के त्योहार को मनाया जा सकता है?
Diwali 2021: कोरोना के इस दौर में कैसे मनाएं सुरक्षित दीपावली? इन चार बातों का रखना होगा विशेष ध्यान
सोशल डिस्टेंसिग का रखें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक दीपावली के लिए खरीदारी करना हो या त्योहार मनाना, सभी लोगों को हमेशा सोशल डिस्टेंसिग का ध्यान रखना होगा। दीपावली के मौसम में बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में सोशल डिस्टेंसिग के नियमों का पालन करते हुए कोरोना से सुरक्षित रहा जा सकता है। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए एक दूसरे से कम से कम 1 मीटर की दूरी बनाए रखें और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
मास्क है जरूरी
कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती उपायों में मास्क लगाना सबसे आवश्यक है। यह न सिर्फ आपको कोरोना से सुरक्षित रखेगा साथ ही पटाखों से निकलने वाला धुंए से होने वाले खतरे को भी कम करने में सहायता करेगा। बाजार जाते समय या दीपावली मनाते वक्त हमेशा मास्क लगाकर रखें।
हाथों की स्वच्छता का रखें ख्याल
त्योहारों के इस मौसम में हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। विशेषकर बाजार में सामान खरीदने के बाद या लोगों से मिलने के बाद हाथों को अल्कोहल युक्त सैनिटाइज़र से अच्छी तरह से साफ करें। एक बात का ध्यान रखें कि सैनिटाइज़र अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं, ऐसे में मोमबत्ती या दीया जलाने से पहले सैनिटाइज़र न लगाएं।
कोरोना के इस दौर में सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीनेशन सबसे आवश्यक है। दीपावली के मौसम में भीड़-भाड़ बढ़ जाती है, ऐसे में इससे पहले ही टीकाकरण करा लें। टीकाकरण आपको कोविड-19 की गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में मदद करेगी। जिन लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है उन्हें भी दीपावली में कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करना चाहिए।
----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।