तेज गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं के बारे में हम सभी जानते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि गर्मी का यह मौसम कई बीमारियों को काफी जटिल भी बना सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यह मौसम हमारी सेहत के लिए कई प्रकार से समस्याकारक हो सकती है। विशेषतौर पर जिन लोगों को डायबिटीज या ब्लड प्रेशर की समस्या है उन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। गर्मी का मौसम आपके ब्लड शुगर लेवल को बढ़ाने का कारण हो सकती है, यही कारण है कि इस मौसम में मधुमेह प्रबंधन बहुत जरूरी है।
डॉक्टर्स ने चेताया: तेज गर्मी डायबिटीज रोगियों के लिए हो सकती है समस्याकारक, जानिए इसके दुष्प्रभाव?
डिहाइड्रेशन और डायबिटीज की दिक्कतें
शोध बताते हैं कि वातावरण में बदलाव का हमारी सेहत पर सीधा असर होता है। ऐसे में जिन लोगों को डायबिटीज है उनमें गर्मी का मौसम, ब्लड शुगर के स्तर में उतार-चढ़ाव का कारण बन सकती है। उदाहरण के लिए, मधुमेह वाले लोगों के अन्य लोगों की तुलना में जल्दी निर्जलित होने की आशंका अधिक होती है, और यह स्थिति गर्मी के दिनों में सबसे खतरनाक मानी जाती है।
इसके अलावा अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि डिहाइड्रेशन, आपके रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ा सकती है। फिर, आपको बार-बार पेशाब जाने की आवश्यकता हो सकती है, जिससे जटिलताएं और भी बढ़ सकती हैं।
डायबिटीज और हीट स्ट्रोक का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पाया कि डायबिटीज की दिक्कत चूंकि रक्त वाहिकाओं और तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है इसलिए ऐसे लोगों में हीट स्ट्रोक होने और इसके गंभीर रूप लेने का भी जोखिम भी अधिक रहता है। बढ़ा हुआ और अनियंत्रित शुगर लेवल पसीने की ग्रंथियों और नसों को भी क्षति पहुंचा सकती है, जिससे पसीने का सामान्य उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
इस कारण से शरीर को तापमान संतुलित करने में दिक्कत होने लगती है। यही कारण है कि डायबिटीज वालों में हीट स्ट्रोक का जोखिम अधिक होता है।
इंसुलिन के उपयोग पर असर
उच्च तापमान का डायबिटीज रोगियों में एक और दुष्प्रभाव यह भी है कि यह आपके शरीर में इंसुलिन के उपयोग को भी प्रभावित कर सकती है। यदि आप डायबिटीज की जटिलताओं के कारण पहले से ही इंसुलिन के इंजेक्शन ले रहे हैं तो अधिक गर्मी के कारण इसका प्रभाव कम होने का खतरा रहता है। यही कारण है सभी लोगों को डायबिटीज के प्रबंधन को लेकर इस मौसम में विशेष सावधानी बरतते रहना चाहिए।
डायबिटीज रोगी करें सेहत का विशेष देखभाल
गर्मी के दिनों में डायबिटीज की जटिलताओं से बचाव करने के लिए जरूरी है कि आप कुछ सावधानियों का विशेष ध्यान रखें।
- खूब सारा पानी पिएं- निर्जलीकरण से बचना महत्वपूर्ण है, इसलिए सुनिश्चित करें कि आप तरल पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं।
- शरीर को ठंडा रखने के लिए हल्के, ढीले-ढाले कपड़े पहनें।
- मादक पेय पदार्थों से बचें, जैसे शराब मूत्रवर्धक होता है, इससे डिहाइड्रेशन बढ़ने का जोखिम हो सकता है।
- अपने रक्त शर्करा के स्तर की नियमित जांच करें, जिससे इसे कंट्रोल में करने के उपाय किए जा सकें।
- यदि आप बाहर जा रहे हैं, तो धूप से बचें। सीधे धूप में आने से हीट स्ट्रोक का जोखिम हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।