हम में से ज्यादातर लोगों की नींद सुबह-सुबह बिना कॉफी के नहीं खुलती है। कॉफी पीते ही नींद गायब हो जाती है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है, इन सब की मुख्य वजह है कॉफी में पाया जाने वाला कैफीन। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वैसे तो दिन में बहुत अधिक कॉफी का सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है, हालांकि अगर इसका सही मात्रा में सेवन किया जाए तो इसके कई प्रकार के लाभ भी हो सकते हैं।
आज का हेल्थ टिप्स: सुबह-सुबह कॉफी पीना फायदेमंद है या नुकसानदायक? यहां जानिए सबकुछ विस्तार से
ऊर्जा बढ़ाने वाला पेय
कॉफी, थकान को कम करने के साथ शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मदद करती है। इसके पीछे की वजह इसमें मौजूद कैफीन होता है। कॉफी पीने के बाद, कैफीन आपके रक्तप्रवाह में अवशोषित हो जाता है और वहां से यह आपके मस्तिष्क तक जाता है। मनुष्यों पर किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि कॉफी का सेवन स्मृति, मनोदशा, सतर्कता, ऊर्जा के स्तर, प्रतिक्रिया के समय और सामान्य मानसिक कार्यों में सुधार कर सकती है।
फैट बर्न करने में मददगार
सामान्यतौर पर सभी फैट बर्निंग सप्लीमेंट्स में कैफीन पाया जाता है, यह फैट बर्न करने में सहायक होता है। कई अध्ययनों से पता चलता है कि कैफीन आपके मेटाबॉलिज्म की दर को 3-11% तक बढ़ा सकती है। अन्य अध्ययनों से संकेत मिलता है कि विशेष रूप से मोटे व्यक्तियों में फैट बर्न करने में कैफीन विशेष सहायक हो सकता है।
टाइप-2 मधुमेह, दुनियाभर में तेजी से बढ़ने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। शरीर में इंसुलिन प्रतिरोध या इंसुलिन स्रावित करने की क्षमता में कमी के कारण होने वाली समस्या है। अध्ययनों से पता चलता है कि कॉफी पीने वालों को टाइप 2 मधुमेह का खतरा 23-50% कम होता है। कुल 457,922 लोगों पर किए गए 18 अध्ययनों की समीक्षा के अनुसार, रोजाना एक-दो कप कॉफी पीने से टाइप 2 डायबिटीज का जोखिम 7 फीसदी तक कम हो सकता है।
मानसिक रोगों का खतरा होता है कम
कॉफी पीने से अल्जाइमर जैसे रोगों का जोखिम कम होता है। अल्जाइमर, सबसे आम न्यूरोडीजेनेरेटिव रोग है जो दुनियाभर में डेमेंशिया के प्रमुख कारणों में से एक है। अध्ययनों से पता चलता है कि कॉफी पीने वालों में अल्जाइमर रोग का जोखिम 65% तक कम होता है। अल्जाइमर के साथ-साथ यह कई अन्य मानसिक रोगों के खतरे को भी कम कर सकती है।
------------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला के हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।