शरीर के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से स्वस्थ और पौष्टिक आहार के सेवन की सलाह दी जाती रही है। इसके लिए भोजन में हरी सब्जियों और मौसमी फलों को शामिल करना बहुत आवश्यक माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इनसे शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। विशेषकर फलों में कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जिनका सेवन करना आपको गंभीर रोगों के जोखिम से बचा सकता है।
सावधान: फलों का इस तरह से सेवन पाचन को पहुंचाता है गंभीर नुकसान, कहीं आप भी तो नहीं करते हैं ये गलतियां?
फलों-सब्जियों का एक साथ सेवन न करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आमतौर पर बोलचाल की भाषा में फलों-सब्जियों के सेवन की बात की जाती रही है, हालांकि इनका साथ में सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। फलों में मौजूद शुगर की मात्रा सब्जियों की पाचन प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर सकती है। इससे न तो सब्जियों का ठीक तरीके से पाचन हो पाता है न ही शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त हो पाते हैं। हमेशा फलों और सब्जियों के सेवन के बीच में कुछ समय का अंतर जरूर रखें।
तरबूज के साथ न खाएं कोई और फल
आहार विशेषज्ञ बताते हैं, तरबूज-खरबूजे के साथ किसी और फल के सेवन से बचना चाहिए। इन फलों में पानी की अधिकता होती है, इसलिए इनके साथ किसी दूसरे फल का सेवन करने से उनका पाचन प्रभावित हो सकता है। तरबूज-खरबूज अन्य फलों की तुलना में अधिक तेजी से पचते हैं। फलों से अधिकतम लाभ तभी प्राप्त किया जा सकता है जब उनका पाचन सही तरीके से हो।
स्टार्चयुक्त फलों के साथ न करें प्रोटीनयुक्त फलों का सेवन
केला जैसे फल प्रकृति में स्टार्चयुक्त होते हैं, इनका सेवन अमरूद, सूखे खुबानी, कीवीफ्रूट, एवोकैडो और ब्लैकबेरी जैसे प्रोटीन युक्त फलों के साथ नहीं किया जाना चाहिए। शरीर को प्रोटीन को पचाने के लिए एक अम्लीय आधार और स्टार्च और स्टार्च के लिए क्षारीय तत्वों की आवश्यकता होती है, इनका संयोजन पेट से संबंधित कई तरह की समस्याओं का कारण बन सकता है। हमेशा फलों के संयोजन को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।