दुनिया की बड़ी आबादी अधिक वजन-मोटापे की समस्या से जूझ रही है, स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस स्थिति को काफी गंभीर मानते हैं। अधिक वजन की समस्या पर ध्यान न देना भविष्य में कई प्रकार की गंभीर और जानलेवा समस्याओं का भी कारण बन सकती है। डॉक्टर कहते हैं, आमतौर पर हम सभी मोटापे को एक सामान्य स्थिति के तौर पर ही लेते हैं पर वास्तव में यह कई गंभीर रोगों के प्रमुख कारकों में से है।
Health Tips: सिर्फ वजन कंट्रोल करके भी इन गंभीर बीमारियों के खतरे को कर सकते हैं कम, इसमें अधिकतर जानलेवा
कोविड के गंभीर लक्षणों का खतरा
अध्ययनों में पाया गया है कि अधिक वजन की समस्या, कोरोना संक्रमण की स्थिति में गंभीर रोग विकसित होने का कारण बन सकती है। संक्रमण के दौरान ऐसे लोगों को अस्पताल में भर्ती होने और सांस से संबंधित समस्याओं का खतरा अधिक देखा जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने देश में डेल्टा वैरिएंट की लहर के दौरान इस तरह का जोखिम देखा था। वजन को कंट्रोल न रखना कोरोना की स्थिति को गंभीर बनाने वाली हो सकती है।
हृदय स्वास्थ्य- डायबिटीज की जटिलताओं का खतरा
मोटापे के कारण उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल का स्तर असामान्य होने की समस्या हो सकती है, ये स्थितियां हृदय रोग और स्ट्रोक के लिए प्रमुख जोखिम कारक हैं। हृदय स्वास्थ्य के अलावा मोटापा, रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने के लिए शरीर द्वारा इंसुलिन का उपयोग करने के तरीके को प्रभावित कर सकती है। इससे इंसुलिन प्रतिरोध और मधुमेह का खतरा बढ़ जाता है। हृदय स्वास्थ्य- डायबिटीज के शिकार लोगों की मोटापे के कारण जटिलता बढ़ने का भी जोखिम होता है।
पाचन स्वास्थ्य पर असर
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि शरीर का वजन बढ़ना, विशेष रूप से पेट की चर्बी बढ़ने से हार्टबर्न और पाचन से संबंधित अन्य समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। यदि इसे अनुपचारित छोड़ दिया जाता है, तो यह स्थिति गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (जीईआरडी) का भी कारण बन सकती है। शोधकर्ताओं ने पाया कि अधिक वजन वाले लोगों में पेट से संबंधित समस्याओं का खतरा, अन्य लोगों की तुलना में अधिक होता है।
कैंसर का भी हो सकता है जोखिम
शोधकर्ताओं ने पाया कि मोटापे की समस्या आपमें कैंसर के खतरे को भी बढ़ाने वाली हो सकती है। अध्ययनकर्ताओं की टीम ने पाया कि गर्भाशय, सर्वाइकल, स्तन, कोलन, लिवर, किडनी और प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को बढ़ाने के लिए भी अधिक वजन की समस्या को एक कारक के तौर पर जाना जाता है। मोटापे को कंट्रोल करके कैंसर जैसी जानलेवा स्थिति से भी बचाव किया जा सकता है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।