राजधानी दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों भारी बारिश के कारण उपजी बाढ़ की स्थिति ने मच्छर जनित बीमारियों के जोखिमों को काफी बढ़ा दिया है। यहां आंकड़े 5 साल में शीर्ष पर हैं। इस साल एक जनवरी से 22 जुलाई तक 190 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। अकेले जुलाई में 65 लोगों को डेंगू का शिकार पाया गया है। जून में 40 लोगों को संक्रमण का शिकार पाया गया था। आश्चर्यजनक रूप से कई रोगियों में संक्रमण के कारण गंभीर रोग की समस्या भी देखी जा रही है, जो चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है।
Dengue: दिल्ली में टाइप-2 डेंगू ने बढ़ाई चिंता, बांग्लादेश में हालात बदतर, डॉक्टर्स बोले- सभी हो जाएं सावधान
बांग्लादेश में बिगड़े हालात
बरसात के मौसम में घनी आबादी वाले बांग्लादेश में डेंगू तेजी से फैल रहा है, जिससे यह आशंका बढ़ गई है कि मच्छर जनित बीमारी के कारण लगातार दूसरे साल रिकॉर्ड संख्या में संक्रमण और मौत के मामले दर्ज किए जा सकते हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यहां इस साल अब तक कम से कम 201 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से आधे से अधिक राजधानी ढाका से हैं। 37,000 से अधिक लोगों में इस साल डेंगू संक्रमण की पुष्टि की गई है।
गौरतलब है कि साल 2022 में, डेंगू वायरस के कारण 281 लोगों की मौत हुई थी जो साल 2000 के बाद से सबसे अधिक है।
दिल्ली में गंभीर रोग के बढ़ रहे हैं मामले
दिल्ली में डेंगू के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सभी लोगों से बचाव के उपाय करते रहने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली में 20 डेंगू पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग से पता चला है कि इनमें से 19 में गंभीर स्ट्रेन टाइप-2 डेंगू था। इस प्रकार के डेंगू के लक्षण गंभीर हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता भी की, जिसमें बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया है।
दिल्ली में डेंगू की स्थिति
नागरिक निकाय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार इस साल 22 जुलाई तक राजधानी दिल्ली में डेंगू के 190 मामले सामने आए हैं, जो 2018 के बाद से सबसे अधिक है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की रिपोर्ट के अनुसार, इसी अवधि में मलेरिया के भी 61 मामले दर्ज किए गए हैं।
जुलाई के पहले तीन हफ्तों में डेंगू लगभग 65 मामले सामने आए थे, जून में यह 40 और मई में 23 थी। वहीं साल 2022 में, दिल्ली में 1 जनवरी से 22 जुलाई के बीच डेंगू के 159 मामले सामने आए।
आगामी महीनों में और बिगड़ सकती है स्थिति
डॉक्टर्स कहते हैं, पिछले दिनों जिस तरह से राजधानी दिल्ली में बारिश हुई और इसके कारण कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति है, इसके कारण आने वाले महीनों में डेंगू के मरीज और भी बढ़ सकते हैं। सभी लोगों के लिए आवश्यक है कि वे मच्छरों के काटने से बचाव के उपाय करते रहें। डेंगू के मच्छर दिन के समय में अधिक काटते हैं, इसलिए दिन में पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।