देश में जारी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। पंजाब में यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का हो गया है। लुधियाना के पास जारी यात्रा के दौरान उन्हें हार्ट अटैक हुआ, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दिया। फिलहाल रिपोर्ट्स में इस बात का जिक्र नहीं है कि उन्हें हार्ट अटैक किन कारणों से हुआ, पर विशेषज्ञों का मानना है कि संभवत: भीषण ठंड इसका कारण हो सकती है।
Bhart Jodo Yatra: हार्ट अटैक से सांसद संतोख सिंह का निधन, अलर्ट- ठंड का मौसम बढ़ा सकता है हृदय की दिक्कतें
ठंड के कारण हृदय गति बढ़ने की समस्या
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद को अचानक दिल की धड़कन बढ़ने की समस्या हुई थी। अमर उजाला से बातचीत में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ विभव सिंह कहते हैं, ठंड में हृदय की सेहत को लेकर सभी को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है, विशेषकर 50 से अधिक आयु या जिन लोगों को पहले से ही हृदय रोगों की समस्या रह चुकी है, ऐसे लोगों के लिए गिरता तापमान गंभीर समस्याकारक हो सकता है।
ठंड का मौसम के कारण स्वाभाविक तौर पर शरीर की ऊष्मा कम हो जाती है, इसलिए आपको गर्म रखने के लिए हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। ठंड में रक्त वाहिकाएं संकरी हो जाती हैं जिससे हृदय को मस्तिष्क और अन्य प्रमुख अंगों में रक्त पंप करने के लिए भी अधिक मेहनत करनी पड़ती है, यह स्थिति हृदय गति बढ़ा सकती है। इस स्थिति में दिल का दौरा पड़ने की खतरा भी बढ़ जाता है।
सडेन हार्ट अटैक को लेकर अलर्ट
डॉ विभव सिंह बताते हैं, ठंड के मौसम में हमारा शरीर स्वाभाविक रूप से तापमान को बैंलेस करते रहने की कोशिश करता है। शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए हृदय द्वारा किए जा रहे अतिरिक्त प्रयास के कारण बीएमआर (बेसल मेटाबोलिक रेट) भी बढ़ जाता है। बेसल मेटाबोलिक रेट शरीर के मेटाबॉलिज्म को मापता है।
इसके अलावा सर्दियों के दौरान वाहिकाओं में संकुचन की समस्या भी बढ़ जाती है जिससे हृदय पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने का खतरा रहता है। इस तरह की स्थिति पर ध्यान न देना सडेन हार्ट अटैक का कारण बन सकता है।
समय रहते लक्षणों की करें पहचान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हार्ट अटैक की समस्या अचानक होती है, हालांकि कुछ स्थिति में इसके लक्षणों की पहचान कर आपातकालीन चिकित्सा के माध्यम से बचाव किया जा सकता है। दिल का दौरा पड़ने के लक्षण पुरुषों और महिलाओं में अलग-अलग तरह के हो सकते हैं।
इसके शुरुआती संकेतों पर भी ध्यान देना जरूरी है। पुरुषों में, ज्यादातर मामले में सीने में दर्द होता है जो बाएं हाथ तक फैलता है। इसके अलावा मांसपेशियों में खिंचाव, दिल की धड़कन अचानक से काफी अधिक होने और पसीना आने की समस्या हो सकती है। वहीं महिलाओं में ज्यादातर सीने में दबाव, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने, पसीना आने, जबड़ों में दर्द जैसी दिक्कत अधिक देखी जाती है।
ठंड के मौसम में बरतें विशेष सावधानी
डॉक्टर कहते हैं, सभी लोगों को ठंड के मौसम में बचाव करते रहने की सलाह दी जाती है। हृदय की जटिलताओं को कम करने के लिए शरीर को गर्म रखें, जिससे हृदय पर अतिरिक्त दबाव को कम किया जा सके। नियमित रूप से घर में ही व्यायाम करें, यह हृदय को स्वस्थ रखने के लिए सबसे आवश्यक है।
- सर्दियों में हेल्दी डाइट लें।
- मधुमेह, रक्तचाप जैसी स्थितियों पर नजर रखें। इन्हें कंट्रोल में रखने वाले उपाय करते रहें।
- शराब के सेवन से बचें।
- रक्तचाप की दवाइयां समय पर लेते रहें, ब्लड प्रेशर की नियमित रूप से जांच करें।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।