कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मीडिया में चीन एक बार फिर से चर्चा में है। ताजा मामला चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की एक बीमारी को लेकर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति सेरेब्रल एन्यूरिज्म नामक मस्तिष्क से संबंधित एक गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इस गंभीर रोग के चलते पिछले साल के अंत में उन्हें अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा था। लंबे समय से शी जिनपिंग के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। कई अवसरों पर चीनी राष्ट्रपति की बोलचाल और बॉडीलैंग्वेज में परिवर्तन के आधार पर कयास लगाए जा रहे थे कि वह किसी गंभीर रोग के शिकार है, जिसके लेकर हालिया रिपोर्ट्स में स्पष्ट किया गया है।
Cerebral Aneurysm: इस गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, जानिए इसके लक्षण और बचाव के बारे में विस्तार से
सेरेब्रल एन्यूरिज्म क्या है?
सेरेब्रल एन्यूरिज्म को ब्रेन एन्यूरिज्म के नाम से भी जाना जाता है। जॉन हॉप्किंस की रिपोर्ट के मुताबिक मस्तिष्क की रक्त वाहिका में एक उभार नुमा बन जाने और उसमें रक्त भरने की स्थिति को सेरेब्रल एन्यूरिज्म के रूप में जाना जाता है। इसमें धमनियां काफी पतली हो जाती हैं जिससे उनके फटने का डर रहता है। वैसे तो कई लोगों में जब तक यह समस्या बढ़ न जाए तब तक इसके कोई भी लक्षण नजर नहीं आते हैं। हालांकि कुछ लोगों में इसके कारण गंभीर सिरदर्द या स्ट्रोक की दिक्कत भी हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को मस्तिष्क से संबंधित लक्षणों को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहना चाहिए।
सेरेब्रल एन्यूरिज्म के लक्षणों के बारे में जानिए
सेरेब्रल एन्यूरिज्म की गंभीर स्थितियों में रक्तस्राव की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में अचानक गंभीर सिरदर्द होने लगता है। इसके अलावा इस स्थिति में मतली और उल्टी, गर्दन में अकड़न धुंधला दिखाई देने, प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता, दौरा पड़ने, होश खो देने या भ्रम का भी अनुभव हो सकता है।
कुछ मामलों में एन्यूरिज्म में थोड़ी मात्रा में रक्त का रिसाव भी हो जाता है, जिसके कारण सिर में तेज दर्द हो सकता है। इन लक्षणों को गंभीरता से लिए जाने की आवश्यकता होती है।
सेरेब्रल एन्यूरिज्म क्यों होता है?
जॉन हॉप्किंस की रिपोर्ट में विशेषज्ञ कहते हैं, यह स्पष्ट नहीं है कि सेरेब्रल एन्यूरिज्म क्यों विकसित होता है, हालांकि शोधकर्ताओं का मानना है सामान्य जीवन के कुछ कारक इस समस्या को बढ़ा सकते हैं। इस बारे में सभी लोगों को लगातार सतर्कता बरतते रहने की आवश्यकता होती है।
- धूम्रपान
- रक्त का संक्रमण।
- उच्च रक्तचाप की समस्या।
- ड्रग्स का सेवन।
- मस्तिष्क में चोट (दुर्घटनाओं के कारण)।
- एथेरोस्क्लेरोसिस (रक्त वाहिकाओं की दीवारों पर फैटी बिल्डअप)।
सेरेब्रल एन्यूरिज्म का क्या इलाज है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सेरेब्रल एन्यूरिज्म की गंभीरता के आधार पर इसका उपचार किया जाता है। सामान्यतौर पर इस स्थिति में निदान के बाद रक्त वाहिकाओं में बने उभार को हटाने और रक्त संचार को फिर से सुचारू करने के लिए सर्जरी की आवश्यकता होती है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार कुछ दवाइयों और थेरपी को भी प्रयोग में लाया जाता है। इस समस्या को अनुपचारित छोड़ना जानलेवा भी हो सकता है।