हड्डियां, हमारे शरीर की संरचना को ठीक रखने में मदद करती हैं। चलने-फिरने में सहायता करने के अलावा मस्तिष्क, हृदय जैसे नाजुक अंगों को चोट से बचाने के लिए हड्डियों का स्वस्थ और मजबूत होना आवश्यक माना जाता है। हड्डियां मुख्यरूप से दो सामग्रियों कोलेजन और कैल्शियम से मिलकर बनी होती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ दशक पहले तक हड्डियों की समस्याएं उम्र बढ़ने के साथ होने वाली दिक्कत के तौर पर जानी जाती थीं पर अब कम उम्र के लोग भी इससे संबंधित विकारों के शिकार हो रहे हैं।
Bone Health: मजबूत हड्डियां चाहते हैं तो सिर्फ कैल्शियम से नहीं चलेगा काम, इस विटामिन के बिना सारी मेहनत बेकार
कैल्शियम के साथ जरूरी है विटामिन-डी
अध्ययनकर्ता बताते हैं, कैल्शियम तो हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए बहुत आवश्यक पोषक तत्व है पर सिर्फ यही आपके लिए पर्याप्त नहीं है। हड्डियों के लिए कैल्शियम के साथ-साथ विटामिन-डी भी बहुत आवश्यक माना जाता है। अगर आपमें विटामिन-डी की कमी है तो ये स्थिति शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बाधित कर सकती है। यही कारण है कि कैल्शियम के सर्वोत्तम अवशोषण के लिए सुनिश्चित करें कि आपको पर्याप्त विटामिन-डी भी मिले।
हड्डियों की क्षति को कम करता है विटामिन-डी
विटामिन-डी हड्डियों की क्षति को कम करने के साथ फ्रैक्चर होने के जोखिम को भी कम करने में सहायक है। कैल्शियम के साथ-साथ विटामिन-डी वाली चीजों के सेवन को सुनिश्चित करके ऑस्टियोपोरोसिस जैसी हड्डियों की बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार के माध्यम से विटामिन-डी का सेवन सुनिश्चित किया जाना बहुत आवश्यक है। मशरूम, अंडे, दूध और फैटी फिश से शरीर के लिए आसानी से इस विटामिन की आवश्यकताओं की पूर्ति की जा सकती है।
प्रोटीन का भी सेवन जरूरी
प्रोटीन को निर्माण खंड कहा जाता है,ये कोशिकाओं को संरचना देती हैं और पूरे शरीर में रासायनिक प्रतिक्रियाओं, त्वचा, मांसपेशियों और हड्डियों का निर्माण के लिए आवश्यक है। शरीर में प्रोटीन का स्तर कम होने की स्थिति में हड्डियों से संबंधित समस्याएं भी बढ़ने लग जाती हैं। शरीर की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमें प्रोटीन के स्वस्थ स्रोतों जैसे डेयरी उत्पाद, मछली, चिकन, फलियां, साबुत अनाज, नट्स, और सब्जियों का सेवन बढ़ाना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।