शुगर-कोलेस्ट्रॉल दोनों ही समस्याएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। बढ़े हुए ब्लड शुगर का स्तर आंखों, तंत्रिकाओं से लेकर हृदय की समस्याओं को बढ़ाने वाला माना जाता है, वहीं हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण हृदय रोग-हार्ट अटैक का जोखिम भी बढ़ जाता है। इसे कंट्रोल में रखना जरूरी है।
Health Tips: इन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती हैं ये हरी पत्तियां, खाली पेट करिए सेवन फिर देखिए फायदे
तुलसी की पत्तियों के फायदे
अध्ययनों में तुलसी की पत्तियों और इसके अर्क को सेहत के लिए बहुत लाभप्रद पाया गया है। इसमें विटामिन-ए और सी के साथ कैल्शियम, जिंक, आयरन पाया जाता है जिसकी हमारे शरीर को नियमित आवश्यकता होती है। आपको फ्लू जैसे संक्रामक रोगों से बचाने से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने तक के लिए इसे फायदेमंद पाया गया है।
आइए जानते हैं कि तेजी से बढ़ती दो गंभीर और क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं में तुलसी किस प्रकार से लाभकारी हो सकती है?
रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल रहता है कंट्रोल
अध्ययनों में पाया गया है कि जिन लोगों को हार्ट की समस्या है उन्हें नियमित रूप से तुलसी की पत्तियों का सेवन करने से लाभ मिल सकता है।। तुलसी के पत्तियां उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में लाभकारी हो सकती हैं। एक अध्ययन में पाया गया कि तुलसी में मौजूद तेल (यूजेनॉल) तनाव-प्रेरित कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। तुलसी के पत्ते का पाउडर खाने के बाद मधुमेह वाले और बिना मधुमेह वाले चूहों में कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी आई।
डायबिटीज में भी मिलता है लाभ
रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल की ही तरह से डायबिटीज की समस्या से परेशान लोगों के लिए भी तुलसी फायदेमंद है। इसमें ऐसे औषधीय गुण होते हैं जो टाइप-2 डायबिटीज रोगियों को ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने में मददगार हो सकते हैं। पशु और मानव दोनों पर किए गए अध्ययनों से पता चला है कि तुलसी मधुमेह के लक्षणों को रोकने में मददगार साबित हो सकती है। रक्त में अतिरिक्त इंसुलिन, उच्च कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज में होने वाली हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को कंट्रोल रखने में भी तुलसी फायदेमंद हो सकती है।
-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।