Akshay Kumar Fitness: जब भी सेलिब्रिटीज के फिटनेस को लेकर चर्चा होती है तो सबसे पहले जहन में अक्षय कुमार का नाम आता है। 57 साल की उम्र में भी उनकी फुर्ती और ऊर्जा देखकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि वो इस उम्र में हैं। उनकी फिटनेस सिर्फ जिम में पसीना बहाने से नहीं, बल्कि डेली रूटीन, सही खानपान और लाइफस्टाइल से आती है। कई मौकों और कार्यक्रमों में वह अपनी फिटनेस का राज बता चुके हैं।
Fitness Tips: अक्षय कुमार की इन दो आदतों को बना लीजिए लाइफस्टाइल का हिस्सा, कई बीमारियों से हो जाएंगे सुरक्षित
- एक कार्यक्रम के दौरान अक्षय ने अपनी अनुशासित जीवनशैली का एक और राज लोगों के सामने खोला। उन्होंने बताया कि वह हफ्ते में एक दिन, सोमवार को पूरे दिन उपवास रखते हैं और मंगलवार को उपवास खोलते हैं। इसके अलावा रोजाना शाम 6:30 बजे तक खाना खा लेते हैं।
अक्षय कुमार ने बताया फिटनेस का राज
हाल ही में फिटनेस से संबंधित एक पुस्तक के विमोचन समारोह के दौरान अक्षय ने अपनी अनुशासित जीवनशैली का एक और राज लोगों के सामने खोला। उन्होंने बताया कि वह हफ्ते में एक दिन, सोमवार को पूरे दिन उपवास रखते हैं और मंगलवार को उपवास खोलते हैं। इसके अलावा रोजाना शाम 6:30 बजे तक खाना खा लेते हैं। इन दोनों ही उपायों को फिटनेस एक्सर्ट संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मानते हैं।
जल्दी डिनर करना सेहत के लिए जरूरी
अक्षय ने कहा, "रात का खाना जल्दी खाना जरूरी है क्योंकि जब हम रात को सोते हैं, तो हमारे शरीर का हर अंग आराम कर रहा होता है। लेकिन जो आराम नहीं कर रहा होता है, वह है आपका पेट क्योंकि हमने देर से खाना खाया है। जब तक आप उठते हैं, तब उसके आराम करने का समय हो जाता है। लेकिन हम उठते ही नाश्ता कर लेते हैं और फिर से बेचारा पेट काम पर लग जाता है।
सरल तरीके से समझिए कि शरीर के हर अंग की तरह पेट के भी अंगों को आराम चाहिए। इसलिए, शाम 6.30 बजे खाना जरूरी है जिससे पेट को खाना पचाने का समय मिल जाए और जब आप सोने वाले होते हैं, यानी 9.30, 10 बजे तक, पेट भी पूरी तरह से आराम की स्थिति में आ जाए।
क्यों जरूरी है 7 बजे तक रात का भोजन
आयुर्वेद से लेकर आधुनिक मेडिकल साइंस तक, सभी इस बात पर सहमत हैं कि रात में डिनर करने का सबसे सही समय शाम 6-7 के बीच होता है। अगर आप रात 8 बजे से पहले डिनर करते हैं, तो शरीर को कई फायदे मिलते हैं। रात का खाना जल्दी खाने से न सिर्फ वजन घटता है, बल्कि नींद, दिल, पाचन और शुगर कंट्रोल में भी बड़े फायदे होते हैं।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार जल्दी खाना खाने वालों में हाई बीपी 27% और हाई कोलेस्ट्रॉल का 19% कम पाया गया है। रात 8 बजे के बाद डिनर करने पर 20% ज्यादा शुगर स्पाइक देखा गया है।
सप्ताह में एक दिन का उपवास
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, इसी तरह से सप्ताह में एक दिन का उपवास भी जरूरी है। यह इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करके मेटाबॉलिज्म स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, शरीर से फैट कम करने में मदद करता है, कोशिकाओं की मरम्मत के लिए ऑटोफैगी को सक्रिय करता है। अध्ययनों में एक दिन के उपवास को हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी पाया गया है।
शोध बताते हैं कि ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने, सूजन को कम करता है, और समग्र मस्तिष्क स्वास्थ्य में सुधार करने और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में मदद करता है। एक दिन का उपवास करने से शरीर को बेहतर तरीके से डिटॉक्स होने का भी पर्याप्त समय मिल जाता है।
--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।