प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुचंकर दूसरे दिन कई तोहफों की सौगात दी है। यहां पीएम मोदी ने शौचालय की नींव रखकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए पीएम ने कहा कि महिलाओं के लिए शौचालय किसी इज्जतघर से कम नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता का स्वभाव अभी देश में नहीं पनपा है क्योंकि जिनती सफाई होनी चाहिए, वो हो नहीं पा रही है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कई तरह की बीमारियों के लिए गंदगी जिम्मेदार है, इसलिए घर में शौचालय बने क्योंकि इससे दवा का खर्च बचता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कूड़े- कचरे से बिजली का उत्पादन किया जाएगा, जिससे करीब 40 हजार घरों में बिजली पहुंचेगी।
इस दौरान उन्होंने पशु आरोग्य मेले का उद्घाटन कर गौसेवा भी की है, जहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा कि हमारी पार्टी वोट बैंक की राजनीति नहीं करती है। इस बीच उन्होंने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए हैं।
इसके बाद पीएम मोदी ने शाहंशाहपुर पहुंचकर पशु आरोग्य मेले का उद्घाटन किया और एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम के साथ राज्य के राज्यपाल राम नाइक और मुख्यमंत्री योगी आादित्यनाथ भी मौजूद रहे। अपने संबोधन के दौरान पीएम ने इस बात का जिक्र भी किया कि 2022 तक हर बेघर को घर देने का उनका टारगेट है और इस मुश्किल काम का बीड़ा वो जरूर पूरा करेंगे। और जब करोड़ों घर बनेंगे तो इससे रोजगार के नए अवसर भी आएंगे।
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में पशुधन अरोग्य मेले की शुरुआत पर यूपी सरकार की तारीफ की और इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। उन्होंने ये भी कहा कि देशभर में और भी पशुधन मेलों की शुरुआत की जाएगी। पीएम ने कहा कि पशु वोट नहीं देते इसलिए उनके लिए अब तक कोई काम नहीं किया गया। पीएम ने कहा कि कुछ राजनेता वोट के लिए काम करते हैं, लेकिन हमारे संस्कार एेसे नहीं है।