पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। राज्य के करीब 18 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। जिसमें करीब 12 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
राज्य के चिरांग जिले में हालात बिगड़ने के बाद राहत व बचाव कार्यों के लिए सेना बुलानी पड़ी है। जिले के कई गांव पानी में डूब गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक चिरांग से करीब दो सौ लोगों को निकाला गया है। वहीं बोंगईगांव से 150 लोगों को बचाया गया।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार उत्तर लखीमपुर और मयोंग में बाढ़ के कारण दो लोगों की जान जा चुकी है जबकि काजीरंगा नेशनल पार्क, डिब्रू-सैखोवा नेशनल पार्क और पोबितोरा वन्यजीव अभ्यारण्य भी जलमग्न हो चुका है।
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से साढ़े चार सौ गांवों के लगभग 12 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।