भारत के दक्षिण में स्थित राज्य कर्नाटक पर्यटन की दृष्टि से दुनिया का पांचवां सबसे लोकप्रिय राज्य तो है ही साथ ही यह प्राकृतिक सुंदरता और विरासत का एक सटीक मिश्रण भी है। इस राज्य का दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोगों के जीवन पर भी खूब प्रभाव पड़ता है। फिर चाहे खुशबुदार साबुन की बात करें, भोजन की बात करें या फिर सुगंधित चंदन की लकड़ी की। चलिए आपको बताते हैं उन उत्पादों के बारे में जो कर्नाटक में मशहूर हैं -
चंदन
चंदन का नाम सुनते ही ठंडक का अहसास होता है। यहां चंदन के पेड़ बहुतायत में हैं। इससे सुगंधित साबुन, अगरबत्ती, तेल और शो पीस उत्पाद बनाए जाते हैं। इसमें से अधिकतर उत्पादों को कारीगर स्वंय अपने हाथों से ही बनाते हैं जिस कारण इनकी कीमत भी अधिक होती है।
मैसूर सिल्क
कर्नाटक की मैसूर सिल्क की साड़ियां भी बहुत लोकप्रिय हैं। विश्व में सबसे खूबसूरत ये साड़ियां शुद्ध रेशम और जरी के काम से बनाई जाती हैं। उन्हें यहीं की फैक्ट्रियों में बुना जाता है जिसे देश विदेश की महिलाएं बड़े चाव से पहनती हैं।
चन्नापटना खिलौने
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरु से करीब 60 किमी की दूरी पर स्थित चन्नापटना गांव लकड़ी से बने खिलौनों के लिए मशहूर है। यहां आपको तोंद निकालकर हंसता हुआ लाफिंग बुद्धा, गोल पेट वाले मियां बीवी के जोड़े और सिर हिलाने वाले लकड़ी के खूबसूरत खिलौने मिल जाएंगे। यह खिलौने केवल बच्चों को ही नहीं बल्कि बड़ों को भी खूब भाते हैं। इनकी सबसे खास बात यह है कि इन्हें राज्य में उत्पन्न अलग अलग लकड़ियों से बनाया जाता है।
मंगलौरी खान पान
यूं तो दक्षिण भारत के खाने में नारियल का उपयोग सबसे ज्यादा किया जाता है। लेकिन यहां स्थित मंगलौर शहर जायकेदर और बेमिसाल खाने के लिए सबसे ज्यादा मशहूर है। कहा जाता है कि यहां का खान पान केवल यहीं तक सीमित है, मतलब आपको यहां का लजीज खाना केवल यहीं मिलेगा। यहां की मशहूर डिशेज जैसे कुबडू, फिश पुलिमुंची और नीर डोसा यहां की खासियत है।