पिछले साल कोरोना वायरस महामारी की भेंट चढ़ा दशहरा त्योहार इस बार देश के विभिन्न हिस्सों में धूमधाम से मनाया गया। विजयादशमी या दशहरा का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। जगह-जगह रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। हिंदू मान्यता के अनुसार इसी दिन प्रभु श्रीराम ने राक्षस राज रावण का वध किया था। तस्वीरों में देखिए देश के अलग-अलग राज्यों में दशहरा पर्व किस तरह मनाया गया...
2 of 8
दिल्ली में रावण दहन
- फोटो : पीटीआई
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर दशहरा उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शुक्रवार को लाल किले पर होने वाली 'लव कुश रामलीला' में रावण दहन में शामिल हुए। यहां उन्होंने धनुष-बाण चलाकर रावण दहन किया। इस दौरान रावण दहन देखने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
3 of 8
अमृतसर में रावण दहन
- फोटो : पीटीआई
पंजाब के अमृतसर में भी लोगों के बीच दशहरा का उत्साह खूब देखने को मिला। यहां भी रावण दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। रावण का दहन करना अपने अंदर की बुराइयों को खत्म करने का एक संकल्प माना जाता है।
4 of 8
कुल्लू दशहरा में भगवान रघुनाथ का जुलूस
- फोटो : पीटीआई
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला समेत विभिन्न स्थानों पर दशहरा त्योहार जोश के साथ मनाया गया। शिमला के प्रसिद्ध जाखू मंदिर में उत्सव मनाया गया। जाखू में इस बार रावण का पुतला 35 फीट, कुंभकर्ण का 30 और मेघनाद का 25 फीट का था। वहीं, कुल्लू का दशहरा 'कुल्लू दशहरा' के नाम से जाना जाता है। यहां प्रभु रघुनाथ की पूजा की गई और झांकी निकाली गई।
5 of 8
पटना में रावण दहन
- फोटो : पीटीआई
बिहार में भी विजयादशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। राज्य के विभिन्न इलाकों में रावण दहन तक लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय का संदेश बुलंद किया। बिहार का रामायण से गहरा संबंध हैं। माता सीता का जन्म भी यहीं के सीतामढ़ी जिले में माना जाता है। वहीं, वह स्थान भी दरभंगा जिले में है जहां प्रभु राम ने अहिल्या को शिला रूप में रहने के शाप से मुक्त किया था।