अभिनेत्री शर्मिला टैगोर 75 साल की हो गई हैं। 8 दिसंबर, 1946 को हैदराबाद में जन्मीं शर्मिला टैगोर इस उम्र में भी अपने फैशन और स्टाइल को मेंटन किए हुए हैं। वह अपने अभिनय के साथ ही परफेक्ट लुक और हेयर स्टाइल के लिए भी जानी जाती हैं। शर्मिला टैगोर की परफेक्ट बंगाली साड़ियों को कौन भूल सकता है। ये ही वजह है कि आज भी बॉलीवुड में कई अभिनेत्रियां शर्मिला टैगोर के स्टाइल को फॉलो करती हैं।
75 साल की उम्र में भी स्टाइल आइकॉन हैं शर्मिला टैगोर, एक फोटो ने संसद में मचा दिया था हंगामा
'कश्मीर की कली', 'वक्त', 'आमने-सामने' जैसी शानदार फिल्मों में यादगार अभिनय करने वालीं शर्मिला टैगोर अपने जमाने की काफी बोल्ड एक्ट्रेस रहीं। शर्मिला का जन्म एक हिन्दू बंगाली परिवार में हुआ था। शर्मिला ने सत्यजीत रे की फिल्म 'अपुर संसार' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके अभिनय की बहुत सराहना की गई थी।
1964 में उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म 'कश्मीर की कली' आई, जिसमें उनका अभिनय देख हर तरफ उनकी तारीफ होने लगीं। फिल्म 'एन इवनिंग इन पेरिस' में पहली बार शर्मिला ने बिकिनी सीन किया। बता दें, बॉलीवुड में बिकिनी पहनने वाली शर्मिला पहली एक्ट्रेस हैं। फिल्म में बिकिनी सीन देकर उन्होंने बॉलीवुड में तहलका मचा दिया। इतना ही नहीं उनके इस कदम से संसद तक में बवाल मच गया था।