आज वैलेंटाइन डे है और इसके साथ ही इस सप्ताह का अंत आज हो जाएगा। प्यार का सप्ताह प्रेमियों के लिए इश्क की सौगात लेकर आता है। दुनिया भर में न जाने कितने ही जोड़े इस सप्ताह में अपने प्यार का इजहार करते हैं। कुछ लोग वैलेंटाइन सप्ताह में शादियां भी करते हैं। ऐसे में प्यार और इजहार के इस मौसम में आइए आज आपको बॉलीवुड के उन सितारों की प्रेम कहानियों से रूबरू करवाते हैं, जिनके प्यार की कहानी की शुरुआत उनके फिल्म के सेट से हुई थी। हालांकि, कुछ सितारों ने शादी की तो वहीं कुछ सितारों की प्यार की दास्तां बिना मंजिल के बीच में ही अटक गई।
Valentine Day: फिल्मों के सेट पर लिखी गईं इन सितारों के प्यार की दास्तां, कुछ को मिली मंजिल तो कुछ हुए जुदा
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर
इस लिस्ट में पहला नाम बॉलीवुड के मशहूर कपल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर का है। उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के सेट हुई थी। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान रणबीर ने आलिया को प्रपोज भी किया था। आलिया ने खुद इस बात का खुलासा 'कॉफी विद करण' में किया था। कई साल तक डेट करने के बाद 2022 में दोनों सितारे शादी के बंधन में बंध गए।
कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा
ऐसा माना जाता है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने फिल्म 'शेरशाह' पर एक साथ काम करना शुरू करने के तुरंत बाद डेटिंग शुरू कर दी थी। हालांकि, कियारा ने 'कॉफी विद करण' के सातवें सीजन में सिद्धार्थ के साथ अपने रिश्ते के बारे में संकेत दिए। अभिनेत्री ने कहा था कि वे दोनों करीबी दोस्त से कहीं अधिक हैं। इसके बाद फरवरी 2023 में इस जोड़ी ने शादी कर अपने प्रशंसकों को तोहफा दिया।
अली फजल-ऋचा चड्ढा
अली फजल और ऋचा चड्ढा की पहली मुलाकात 2012 की कॉमेडी हिट 'फुकरे' के सेट पर हुई थी। डेटिंग शुरू करने से काफी पहले ही अली और ऋचा अच्छे दोस्त बन गए थे। उन्होंने 2015 में एक रिश्ते में प्रवेश किया और 2017 में इसे आधिकारिक बना दिया। उन्होंने 2020 में शादी कर ली।
अजय देवगन और काजोल
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री काजोल की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प है। फिल्म 'हलचल' के सेट पर वे और अजय देवगन एक दूसरे को दिल दे बैठे थे। कई साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी कर ली। आज वे एक खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं।