बिग बॉस के घर में कब पासा पलट जाए कहा नहीं जा सकता। यहां पर दो अच्छे दोस्त कब दुश्मन बन जाएं कुछ नहीं कह सकते या कब दुश्मन दोस्त बन जाएं इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। ऐसा ही कुछ देखने को मिलने वाला है बिग बॉस के घर में एक बार फिर से। जब एजाज खान और विकास गुप्ता के बीच की दुश्मनी जग जाहिर हो जाएगी।
Bigg Boss 14: विकास गुप्ता संग झगड़े में एजाज खान ने खोया आपा, घर में की तोड़फोड़
दरअसल कुछ दिन पहले ही विकास गुप्ता की बिग बॉस के घर में दोबारा एंट्री हुई है। जहां एक तरफ विकास की एंट्री से सभी लोग खुश थे तो वहीं दूसरी ओर इसे लेकर एजाज खान की कोई खास प्रतिक्रिया नहीं थी। बीते दिनों उन्होंने खुद अभिनव से विकास के संग उनके रिश्ते को लेकर बात की थी। जिसके बाद अब दोनों के रिश्ते का एक विकराल रूप देखने को मिलने वाला है।
दरअसल हाल ही में कलर्स टीवी के सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो साझा किया गया है। इस वीडियो में एजाज और विकास खतरनाक ढंग से लड़ाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में विकास गुप्ता, निक्की तंबोली के साथ बात करते हुए एक बड़ा खुलासा करते हैं। विकास निक्की से कहते हैं, 'एक लड़की थी जिसके साथ मैं फ्रेंडली हो गया। पता चला कि वो इसकी गर्लफ्रेंड थी और उसके ऊपर से ये चीट कर रहा था।'
ये बात सुनते ही एजाज खान बहुत गुस्से में आ जाते हैं। दोनों के बीच हाथापाई की नौबत तक आ जाती है। सारे घरवाले भी इनकी इस लड़ाई को शांत करवाने पहुंचे हैं और दोनों को एक दूसरे से अलग करते हैं। इस दौरान एजाज खान, विकास पर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि उनकी वजह से उनके अब्बा जेल गए थे। इस पर विकास भी उन्हें जवाब देते हुए कहते हैं कि वो अपने अब्बा के नाम का इस्तेमाल ना करें।
तो वहीं विकास गुप्ता भी एजाज पर आरोप लगाते हैं कि वो घर के बाहर की बातें घर के अंदर आकर बोलते हैं। इस झगड़े में एजाज खान इतने ज्यादा नाराज हो जाते हैं कि वो घर की चीजों पर अपना गुस्सा उतारना शुरू कर देते हैं। एजाज कुर्सी को लात मारते हैं और विकास से कहते हैं कि वह उनका मुंह तोड़ देंगे। हालांकि बिग बॉस के घर में ये एक्शन सीक्वेंस आम बात है। लेकिन देखना ये दिलचस्प होगा कि ये झगड़ा कहां तक पहुंचता है और इसके आगे भी इनके बीच की दूरी बरकरार रहती है या आगे जाकर ये दोनों दुश्मनी भुलाकर अच्छे दोस्त बन सकते हैं।
पढ़ें: रेमो डिसूजा की पत्नी लिजैल ने सलमान खान का किया धन्यवाद, बोलीं- 'भाई आप फरिश्ता हो जो...'