इसे निर्देशक रोहित शेट्टी की लगातार लटकती फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को लेकर दर्शकों में बैठी नाराजगी कहें, इसके निर्माता करण जौहर को लेकर दर्शकों का गुस्सा कहें या फिर कलर्स चैनल की मार्केटिंग टीम की खराब प्लानिंग का खामियाजा, चैनल का इस सीजन का फ्लैग बीयरर शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ 29वें सप्ताह की टीआरपी लिस्ट के पहले पांच कार्यक्रमों में जगह बनाने में विफल रहा है। कलर्स चैनल को ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 11वें सीजन से काफी उम्मीदें रही हैं और चैनल प्रबंधन को उम्मीद ये भी थी कि इस शो की लॉन्चिंग उनके चैनल को देश के हिंदी भाषी इलाकों के टॉप 3 चैनलों में जगह जरूर दिला देगी। कलर्स चैनल की मार्केटिंग इन दिनों नए लोगों के पास है। आमतौर पर टेलीविजन शोज की मार्केटिंग करते समय भारत सरकार के उन आंकड़ों पर खासी नजर रखी जाती है कि टेलीविजन की संख्या देश के किन जिलों में सबसे ज्यादा है और किन इलाकों मे टेलीविजन सबसे ज्यादा देखा जाता है। लेकिन, कलर्स चैनल ने ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 11वें सीजन की मार्केटिंग एक नए तरीके से की और नतीजा ये रहा कि उनका इतना बड़ा शो टॉप 5 शोज में जगह तक नहीं बना पाया।
Khatron Ke Khiladi 11: इस बार टॉप 5 में जगह नहीं बना पाया रोहित शेट्टी का शो, खराब मार्केटिंग का असर
रोहित शेट्टी को लेकर कलर्स चैनल ने ‘खतरों के खिलाड़ी’ का 11वें सीजन केपटाउन में शूट किया। इस शूटिंग के लिए काफी सारा तामझाम इकट्ठा किया गया। शो में शामिल सितारों आस्था गिल, अभिनव शुक्ला, अनुष्का सेन, अर्जुन बिजलानी, दिव्यांका त्रिपाठी, महक चहल, राहुल वैद्य, सना मकूल, सौरभ राज जैन, श्वेता तिवारी, वरुण सूद, विशाल आदित्य सिंह और निकी तंबोली को मुंबई से वहां ले जाया गया। जब तक शो की शूटिंग चली इन कलाकारों से उनके सोशल मीडिया पर शो की खूब ब्रांडिंग कराने की कोशिश की गई लेकिन ‘खतरों के खिलाड़ी’ की मार्केटिंग टीम यहीं गच्चा खा गई। शो में शामिल सितारों की अदाएं दर्शकों ने सोशल मीडिया पर इतनी ज्यादा देख लीं कि जब शो देखने का नंबर आया तो उनकी इसमें दिलचस्पी ही नहीं रही।
‘खतरों के खिलाड़ी’ के 10वें सीजन ने अपनी ओपनिंग से ही टीआरपी चार्ट में जगह बना ली थी। पहले हफ्ते में ही शो टीआरपी चार्ट में दूसरे नंबर पर रहा और इसे करीब 84 लाख इम्प्रेशन्स भी मिले। हालांकि इसके बाद ये शो लगातार अपनी लोकप्रियता खोता ही रहा और अगले चार हफ्तों में इसके इम्प्रेशन्स घटकर 76 लाख के करीब पहुंच गए लेकिन फिर भी दर्शकों में इसको लेकर दिलचस्पी आखिर तक बनी रही। शो की शूटिंग बीच में ही पिछली बार कोरोना संक्रमण काल के चलते रोकनी पड़ी थी और इसका फिनाले बाद में मुंबई में शूट किया गया था।
यही नहीं ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 9वें सीजन में भी शो की लोकप्रियता ठीक ठाक रही। तब भी शो का ओपनिंग वीकएंड टीआरपी चार्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचने में सफल रहा था। हालंकि तब टीवी देखने वालों दर्शकों के यूनीवर्स में इतना इजाफा नहीं हुआ था और करीब 14 लाख इम्प्रेशन्स पाकर भी शो दूसरे नंबर पर आ गया था। शो का फिनाले तब लाइव हुआ था और उसने भी दर्शकों में खासी उत्सुकता जगाई थी।
29वें हफ्ते की टीआरपी लिस्ट गुरुवार को जारी होने के बाद से ही कलर्स चैनल में सन्नाटा छाया हुआ है। ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 11वें सीजन की मार्केटिंग संभालने वाली एजेंसी से अब जवाब देते नहीं बन रहा कि आखिर चूक कहां हुई। टीवी धारावाहिकों को दर्शकों तक पहुंचाने में अक्सर उन संचार माध्यमों की भूमिका अहम होती है जिनकी पहुंच उन दर्शकों तक होती है जो मनोरंजन सामग्री देखने के लिए पैसा खर्च करने में हिचकिचाते नहीं है। इन माध्यमों की प्रसार संख्या भले कम होती हो लेकिन इनका असर मारक और सटीक होता है। इसके अलावा इस बार के प्रतिभागियों को लेकर भी दर्शकों में कोई खासा उत्साह नहीं देखा जा रहा है। ‘खतरों के खिलाड़ी’ के ओपनिंग एपिसोड को ही टॉप 5 में जगह न मिलने से कलर्स की चुनौती काफी बढ़ गई है।