अगर आप सास बहू की कहानियां या फिर गायब मोड पर दिखते अजीबोगरीब प्राणियों को देख देखकर अपने टेलीविजन को रेस्ट दे चुके हों तो सीरियल फिर से देखने का सही टाइम लौट आया है। जी टीवी ने पूरे परिवार के मनोरंजन के लिए एक खास धारावाहिक तैयार किया है। सोमवार से शुरू हो रहे इस धारावाहिक की कहानी बहुत ही दिलचस्प है और इससे मशहूर टीवी अभिनेत्री नेहा मारदा की भी लंबे अरसे बाद वापसी हो रही है।
ये दो बच्चे निकले अपने माता-पिता में बट्टी कराने, रिश्तों की कहानियों में आया दिलचस्प मोड़
टीवी की मशहूर अभिनेत्री नेहा मारदा लंबे समय बाद जल्द शुरू होने वाले धारावाहिक 'क्यों रिश्तों में कट्टी बट्टी' से टीवी पर फिर से वापसी करने जा रही है। जी टीवी पर यह शो 14 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। यह धारावाहिक उन्हें घर बैठे ही ऑफर हो गया था फिर भी खबरें आई थीं कि नेहा का मन नहीं था कि इस धारावाहिक में वह काम करें।
नेहा ने शो की लॉन्चिंग के मौके पर ये भी बताया कि इस सीरियल की कहानी उन्हें बहुत पसंद है और हां, थोड़ी देर हुई उनकी तरफ से हां कहने में लेकिन, एक बार शो पर काम शुरू हुआ तो अब खूब मजा आ रहा है। नेहा ने कहा, 'मैं एक कलाकार हूं और अपनी कला में वापस आकर मैं बहुत खुश हूं। और मैं हमेशा यही करती रहूंगी। पटना में मेरी एक एकेडमी है जिसमें हम बच्चों को नृत्य, गायन और अभिनय की शिक्षा देते हैं और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करते हैं।'
अपनी बात जारी रखते हुए नेहा ने कहा, 'मैं जी टीवी के साथ लगभग 15 साल बता चुकी हूं। यह भी मेरा एक तरह से दूसरा घर है और फिर से वहीं पर काम करने जा रही हूं तो अभी मैं घर पर ही हूं। खुशी इस बात की है कि मैं फिर से काम कर रही हूं और फिर शो में मुझे मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है तो वह मैं कैसे छोड़ सकती हूं?'
धारावाहिक 'क्यों रिश्तों में कट्टी बट्टी' एक परिवार की कहानी है। यह शो दो बच्चों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो अपने माता-पिता के बीच होने वाली लड़ाई के बीच फिर से मिलाने की कोशिश करते हैं। इन दो बच्चों का किरदार शो में प्रत्यक्ष पंवर और मन्नत मुरगई निभा रहे हैं। शो में मां का किरदार नेहा मारदा को मिला है वहीं पिता के किरदार को निभाने के लिए चुना गया है टीवी के लोकप्रिय अभिनेता सिद्धांत वीर सूर्यवंशी को। वह इस शो में कुलदीप चड्ढा का किरदार निभा रहे हैं।
कुलदीप चड्ढा का किरदार निभाने के लिए होने वाली तैयारियों के बारे में सिद्धांत ने बताया, 'मैं एक पिता का किरदार निभा रहा हूं और असल जिंदगी में भी मैं एक पिता हूं। तो जो मेरी असल जिंदगी के अनुभव हैं, उनका इस्तेमाल मैं इस धारावाहिक में अपना किरदार निभाने के लिए कर रहा हूं। बेशक, कुलदीप का किरदार मुझसे बहुत अलग है। इसलिए, मुझे शारीरिक रूप से थोड़ी बहुत तैयारियां करनी पड़ी हैं। मुझे पहले से ज्यादा फिट होना पड़ा और साथ ही कुलदीप की प्रवृत्ति मुझसे बिल्कुल अलग है इसलिए उस चीज को भी मुझे अपने दिमाग में बैठाना पड़ा।'