मां बनने के बाद बालाजी टेलीफिल्म्स की ज्वाइंट एमडी एकता कपूर के चेहरे पर एक अलग ही खुशी दिखाई दे रही है। एकता 27 जनवरी को सरोगेसी के जरिए बेटे की मां बनी हैं। मुंबई में गुरुवार को एकता ने अपने दो नए शोज की लॉन्चिंग में हिस्सा लिया। आल्ट बालाजी एप की मल्टीस्टार वेब सीरीज 'कहने को हमसफर हैं' सीजन-2 और 'पंचबीट' के ऑफिशियल ट्रेलर लॉन्चिंग के मौके पर एकता काफी खिलखिलाती और मुस्कुराती नजर आईं।
एकता के ओटीटी आल्टबालाजी पर काफी देखा गया शो कहने को हम सफर का दूसरा सीजन शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत पर एकता कपूर के शो के सितारों रोनित रॉय, मोना सिंह, गुरदीप कोहली, अपूर्वा अग्निहोत्री, पाऱ्त समथान, प्रियांक शर्मा, पूजा बनर्जी आदि के साथ स्टेज पर दिखीं। वहीं, हाईस्कूल ड्रामा की कास्ट को भी इस मौके पर लॉन्च किया गया। पंचबीट नाम की ये सीरीज 14 फरवरी को प्रसारित होने जा रही है।
लॉन्च फंक्शन की खास बात ये रही कि जैसे ही आल्टबालाजी के शोज और वेब सीरीज के लिए कार्यक्रम की होस्ट ने एकता कपूर को बधाई दी, उन्होंने तुरंत बात को वहीं रोका और इसका पूरा क्रेडिट इन शोज के राइटर्स और पूरी टीम को दिया। यही नहीं मंच पर मौजूद सितारों के बीच शोज की टेक्निकल टीम को भी मंच पर बुला लिया गया।
ऐसे में एकता के दोनों (ट्विन्स) शोज की पूरी कास्ट इस मौके पर अपने शोज के बारे में बताती नजर आई। छोटे और बड़े पर्दे पर अपनी बेहतरीन कहानियों से दर्शकों के बीच एक खास जगह बनाने वाली एकता कपूर का मानना है कि स्मार्ट फोन यूजर्स को अपने साथ जोड़े रखना सबसे कठिन काम है। हर तरह के और हर एज ग्रुप के दर्शक मोबाइल पर फिल्में देखते हैं। ऐसे में हमारा फोकस केवल उन कहानियों पर होता है जो दर्शकों हर पल बांधे रखे। कहने को हम सफर हैं सीजन वन में एक शादीशुदा शख्स की कहानी दिखाई गई थी। सीजन टू में उस शख्स की दूसरी शादी की कहानी को सिचुएशनल केमिस्ट्री के साथ दिखाया गया है। पंचबीट स्कूल में बढ़ने वाले टीन एजर्स की कहानी है।
टीन एजर्स के बीच लव, रोमांस और जुनून युवाओं को काफी पसंद आएगा। कहने को हम सफर हैं सीजन-2 में रोनित रॉय, अपूर्व अग्निहोत्री, मोना सिंह, पार्थ समथान, पूजा बनर्जी नई कहानी के साथ एक बार फिर वेब सिरीज में दिखेंगे। पंचबीट हाईस्कूल ड्रामा वेब सिरीज में एक्टर समीर सोनी, प्रियंका शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, खुशी जोशी, रुशद राना, काजोल त्यागी, सिन्धुजा, निखिल भमरी नजर आएंगे। ये दोनों वेब सिरीज 14 फरवरी को आल्ट बालाजी एप पर रिलीज हो रही हैं।
आपको बता दें कि हाल ही में एकता सरोगेसी के जरिए सिंगल मदर नहीं हैं। इससे पहले उनके भाई और अभिनेता तुषार कपूर भी इस तरह संतान का सुख ले चुके हैं। पुराने जमाने के अभिनेता जितेंद्र की दोनों संंतान (एकता और तुषार) बिन शादी के ही मां-बाप बने हैं। 11 फरवरी को एकता अपने घर पर नामकरण सेरेमनी करने जा रही हैं। जिसमें बॉलीवुड और स्टार्स का मेला लगेगा। एकता ने अपने बेटे का नाम अपने पिता के असली नाम पर रवि कपूर रखा है।