डिजिटल रिव्यू - बागी 3 (ट्रेलर)
कलाकार - टाइगर श्रॉफ, रितेश देशमुख, श्रद्धा कपूर आदि
निर्देशक- अहमद खान
निर्माता- साजिद नाडियाडवाला
रेटिंग- **1/2
टाइगर श्रॉफ को हिंदी सिनेमा जगत में एक्शन हीरो का तमगा दिलाने वाली फिल्म 'बागी' अब खुद अपनी चमक खोती नजर आ रही है। पिछली दो किस्तों में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद सामने आया 'बागी 3' का ट्रेलर निराशाजनक है। उम्मीदों के उलट ट्रेलर में ऐसा कुछ भी नहीं दिखा जो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा सके। 3 मिनट 42 सेकेंड का ट्रेलर एक लघु फिल्म की तरह प्रतीत होता है जिसमें फिल्म की तकरीबन पूरी कहानी बयां कर दी गई है। कहानी में बहुत कुछ परोसने की कोशिश सब कुछ चौपट करती हुई नजर आ रही है। फिल्म की सबसे बड़ी उम्मीद एक्शन से थी, जो दर्शकों को हैरान करने की जगह पुरानी फिल्मों की याद दिला रही हैं।
2 of 4
बागी 3
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रेलर में दो भाई रॉनी (टाइगर श्रॉफ) और विक्रम (रितेश देशमुख) की कहानी दिखाई गई है। बचपन से ही विक्रम को प्रत्येक मुसीबत से बचाने के लिए रॉनी पहुंच जाता है। विक्रम कुछ काम के सिलसिले में सीरिया रवाना होता है जहां उसके साथ मार-पीट होती है और अगवा कर लिया जाता है। रॉनी अपने भाई को बचाने के लिए अपनी करीबी दोस्त सिया (श्रद्धा कपूर) के साथ सीरिया पहुंच जाता है जहां उसका सामना आंतकियों से भरे हुए पूरे देश से होता है लेकिन वह एक एक कर सभी को धूल चटा देता है।
3 of 4
बागी 3 पोस्टर
- फोटो : Amar Ujala, Mumbai
इसे पूरे ट्रेलर में किसी भी कलाकार की अदाकारी ऐसी नहीं रही जो जरा भी ध्यान खींच सके। वहीं संवादों में भी कलम की धार की कमी दिखी। निर्माताओं का पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ एक्शन को भव्य बनाने में रहा। जिसके चलते वे टाइगर के सामने हेलीकॉप्टर और टैंक भी ले आए लेकिन इनमें से कुछ भी ऐसा नहीं दिखा जिसके बाद आप तालियां पीट सकें।
'बागी' की तीनों ही किस्तों की कहानी लेखक एक ही ढर्रे पर खींच रहे हैं। पहले पार्ट में गर्लफ्रेंड अगवा होती है, दूसरी पार्ट में बेटी और अब तीसरी पार्ट में भाई अगवा हो जाता है। पुलिस अफसर बन चुके भाई (विक्रम) को हर बार इतना असहाय दिखाया गया है कि वह गले से नीचे उतारना मुश्किल है। एक्शन सीन्स में टाइगर गाड़ियों पर टेढ़े भागते हुए नजर आते हैं जो काफी हास्यास्पद प्रतीत होता है। ट्रेलर में अंकिता लोखंडे, जमील खोरी,जयदीप अहलावत,विजय वर्मा और दानिश भट भी नजर आए हैं। लेकिन टाइगर के किरदार की भव्यता का स्तर ऊठाने के चक्कर में सभी मात्र बस नाम के प्रतीत होते हैं। बैकग्राउंड संगीत और तकनीकी पक्ष भी खास असरदार नहीं है। ट्रेलर के आधार पर यह फिल्म साजिद नाडियाडवाला की 'बागी' फ्रेंचाइजी की छवि धूमिल करती दिख रही है।