जियो सिनेमा और डिज्नी की भारतीय कंपनियों स्टार स्टूडियो, स्टार टीवी नेटवर्क और हॉटस्टार के संभावित विलय के चलते बीते साल अमेरिका के अनाहाइम में घोषित मेगा सीरीज ‘महाभारत’ अधर में अटक गई है। इस सीरीज को निर्माता मधु मंटेना के साथ बनाने का ऐलान बहुत जोर शोर से किया गया था। वेब सीरीज ‘महाभारत’ पर अभी तक काम ही नहीं शुरू हुआ है और जानकारी के मुताबिक निकट भविष्य में इसका बन पाना अब मुश्किल है।
2 of 5
अयान मुखर्जी, ब्रह्मास्त्र 2 कॉन्सेप्ट आर्ट
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वेब सीरीज ‘महाभारत’ का बन पाना मुश्किल इसलिए भी दिख रहा है क्योंकि रिलायंस और डिज्नी के इस विलय के बाद जो महागाथा सबसे पहले शुरू होने की तैयारी में दिख रही है, वह है निर्देशक अयान मुखर्जी की फिल्मत्रयी की दूसरी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र 2: देव’। सू्त्र बताते हैं कि जियो सिनेमा के स्वामित्व में आने के बाद डिज्नी की भारतीय फिल्म निर्माण शाखा स्टार स्टूडियोज का भी अधिग्रहण पूरा हो जाएगा। इसके बाद फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ सीरीज के बौद्धिक संपदा अधिकार भी जियो के पास ही आ जाएंगे।
3 of 5
डिज्नी का लोगो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
वॉल्ट डिज्नी की स्थापित कंपनी डिज्नी स्टूडियोज ने इसी साल अपनी स्थापना के सौ साल पूरे किए हैं। सौवां साल शुरू होने के उत्सव की शुरुआत डिज्नी ने अपने सबसे पहले एडवेंचर पार्क डिज्नीलैंड के शहर अनाहाइम में बीते साल सितंबर में की थी। डी23 एक्सपो 2022 नाम के इस आयोजन में डिज्नी ने दुनिया भर में फैले अपने कारोबार के बारे में आगंतुकों को जानकारी दी। फोकस उस मनोरंजन सामग्री पर ज्यादा रखा गया जिसे ये कंपनी दुनिया के तमाम देशों की स्थानीय भाषाओं में बनाने पर काम करती रही है।
4 of 5
डी 23 एक्सपो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इस मौके पर डिज्नी ने साल 2025 तक चीन, जापान, कोरिया, स्पेन के अलावा भारत में भी स्थानीय भाषाओं में बहुत बड़े बजट वाली मनोरंजन सामग्री बनाने का ऐलान किया। और, इस एलान के दौरान सबसे अहम रहा ‘महाभारत’ पर एक मेगा सीरीज का निर्माण। डिज्नी की इंटरनेशनल कॉन्टेट एंड ऑपरेशन प्रमुख रेबेका कैम्पबेल के साथ मौजूद रहे भारतीय प्रतिनिधि व कॉन्टेंट प्रमुख गौरव बनर्जी ने तब बताया था कि ये सीरीज डिज्नी की भारतीय शाखा निर्माता मधु मंटेना के साथ बनाएगी।
5 of 5
दीपिका पादुकोण, मधु मंटेना
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म निर्माता मधु मंटेना इससे पहले दीपिका पादुकोण के साथ मिलकर एक फिल्म ‘द्रौपदी’ भी बनाने वाले थे। ‘द्रौपदी’ कब की ठंडे बस्ते में जा चुकी है और अब ताजा जानकारी के मुताबिक ‘महाभारत’ का निर्माण भी कंपनी की भावी योजनाओं के तहत हाशिये पर जा चुका है। ‘महाभारत’ पर एक सीरीज का निर्माण करने की योजनाओं पर फिल्म निर्माता व अभिनेता आमिर खान ने भी कई बरसों तक काम किया। लेकिन, इस योजना से आमिर खान भी अपना ध्यान हटा चुके हैं।