हालिया रिलीज फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के लीड एक्टर सुमित गहलावत ने अमर उजाला से खास बातचीत में धर्मांतरण की घटनाओं और विवादों पर बात करने से ही इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर यह फिल्म बनी है, मैं उस मुद्दे पर अनपढ़ हूं। पूरे इंटरव्यू में एक्टर किसी भी तरह का विवादित बयान देने से बचते रहे। पढ़िए सुमित से हुई यह मजेदार बातचीत…
यह फिल्म रिलीज से पहले खूब विवादों में रही। इसे आप कैसे देखते हैं?
मैं एक एक्टर हूं और मेरी पहली नजर हमेशा स्क्रिप्ट पर होती है। फिल्म टाइटल की वजह से विवादों में आ गई, लेकिन समझ नहीं आता मेरे साथ ऐसा क्या हो रहा है? क्योंकि फिल्म में ऐसा कुछ भी विवादित नहीं। हालांकि, मैं इन सब में नहीं पड़ता। मैं सिर्फ स्क्रिप्ट देखता हूं, अपना काम करता हूं और आगे सोचता भी नहीं कि बाहर क्या कहा जा रहा है?
2 of 7
सुमित गहलावत
- फोटो : इंस्टाग्राम -@sumitgahlawat90
आपके लिए यह किरदार कितना खास था? क्या स्क्रिप्ट पढ़ते समय आप चौंके?
जब मैंने पहली बार स्क्रिप्ट पढ़ी तो समझ गया कि यह मेरा सबसे मुश्किल और सबसे बड़ा किरदार होगा। सलीम के अंदर एक गहरी शांति है और यही बात मुझे सबसे ज्यादा हैरान कर गई। एक शांत इंसान कभी बहुत मासूम दिख सकता है और कुछ ही पलों में बहुत गंभीर भी हो सकता है। इसी बदलाव को ठीक तरह से दिखाना मेरी सबसे बड़ी चुनौती थी।
3 of 7
को-स्टार उल्का गुप्ता के साथ सुमित गहलावत
- फोटो : इंस्टाग्राम -@sumitgahlawat90
फिल्म असली घटनाओं पर आधारित है। क्या ऐसी घटनाएं आपने कभी सुनी हैं?
हां, यह फिल्म असल जिंदगी से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है पर सच कहूं तो मैं खुद उन वास्तविक कहानियों के बारे में ज्यादा नहीं जानता। मैं न तो ऐसी रिसर्च करता हूं और न ही न्यूज आदि ज्यादा देखता हूं। इस मामले में मैं थोड़ा अनपढ़ हूं, क्योंकि मेरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर रहता है।
4 of 7
निर्देशक कामाख्या सिंह के साथ सुमित गहलावत
- फोटो : इंस्टाग्राम -@sumitgahlawat90
फिल्म पर सेकुलरिज्म को लेकर सवाल हो रहे हैं, इसपर आपकी क्या राय है?
सच कहूं तो इस विषय पर मेरी कोई राय नहीं है। यह सिर्फ कहने के लिए नहीं, वाकई में मेरी राजनीतिक राय नहीं है। जब विपुल सर ने बुलाया और स्क्रिप्ट दी तो मेरा ध्यान सिर्फ अपने किरदार पर था। मेरी जिम्मेदारी उसी तक सीमित है। उससे बाहर की राजनीति या बहसों में मैं नहीं पड़ता।
5 of 7
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के एक सीन में सुमित गहलावत
- फोटो : इंस्टाग्राम -@sumitgahlawat90
अगर कोई फिल्म विवाद में है और आप उसके लीड एक्टर हैं तो क्या आपकी राय होना जरूरी नहीं?
हां, राय जरूरी है और एक कलाकार के तौर पर इसे मैं मानता हूं। लेकिन यह मेरी अपनी कमी है कि मैं आसपास क्या हो रहा है, उस पर नजर नहीं रख पाता। मैं अपने काम में इतना डूब जाता हूं कि वही मेरी दुनिया बन जाती है। इसलिए मैं ईमानदारी से कहता हूं कि मेरी जागरूकता कम है, क्योंकि मैं सिर्फ अपनी कला पर केंद्रित रहता हूं।