हिंदी सिनेमा के सितारे भले अपनी नई फिल्म की रिलीज से पहले या जरूरत पड़ने पर फिल्म के बाद भी चैनल चैनल, शहर शहर अपनी फिल्म की बड़ाइयां करते रहते हों, दक्षिण भारतीय फिल्मों के सितारों का अंदाज निराला है। तमिल सिनेमा के मेगा स्टार रहे रजनीकांत की तरह ही अभिनेता अजीत भी अपनी फिल्मों की रिलीज से पहले का शोरगुल कम ही करते हैं। अजीत की नई फिल्म ‘वलिमै’ पूरे देश में इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। ज़बर्दस्त एक्शन फिल्म मानी जा रही इस फिल्म को लेकर दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रशंसकों में खासा उत्साह है। फिल्म ट्रेड में भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता है और लोगों को इस बात का इंतजार है कि तेलुगू फिल्मों के स्टार अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ के बाद तमिल फिल्मों के स्टार अभिनेता अजीत की फिल्म ‘वलिमै’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन कैसा रहता है। इस बीच फिल्म की हीरोइन हुमा कुरैशी अपनी इस अहम फिल्म की रिलीज से पहले दक्षिण भारतीय शहरों में अपने प्रशंसकों से खूब मिल रही हैं।
2 of 4
पुष्पा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
बीते साल के आखिर में अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ ने हिंदी पट्टी में जो धमाल किया है, उसने भारतीय सिनेमा के सारे समीकरण ही बदल दिए हैं। फिल्म ने अकेले हिंदी पट्टी में सौ करोड़ रुपये से ऊपर की कमाई की और ये इस फिल्म की कमाई के एक तिहाई के करीब है। इस फिल्म की कामयाबी ने उन दक्षिण भारतीय निर्माताओं के हौसले और बुलंद कर दिए है जिन्होंने अपनी फिल्मों की रिलीज मूल फिल्म के साथ ही हिंदी में भी प्रस्तावित कर रखी है। ऐसी जिन दो फिल्मों को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता रही है, वे हैं, ‘राधेश्याम’ और ‘आरआरआर’। लेकिन, अभिनेता अजीत की फिल्म ‘वलिमै’ लोगों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। फिल्म में जबर्दस्त एक्शन सीन्स हैं और मारधाड वाली फिल्में पसंद करने वालों के बीच फिल्म के सुपरहिट होने की उम्मीद इसके निर्माता बोनी कपूर लगाए हुए हैं।
3 of 4
गंगूबाई काठियावाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘वलिमै’ की कहानी कुछ कुछ यशराज फिल्म्स की ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म जैसी है। इस फिल्म में भी एक पुलिस अफसर को उन बदमाशों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौपी जाती है जो तेज रफ्तार बाइक्स पर सवार होकर अपराधों को अंजाम देते हैं। फिल्म ‘वलिमै’ का ट्रेलर फिल्म ‘धूम 1’ से ज्यादा हैरतअंगेज माना जा रहा है। अब इस ट्रेलर का उत्तर भारत में बॉक्स ऑफिस पर क्या असर होता है, इस पर ट्रेड की भी नजरें टिकी हैं। ‘वलिमै’ का हिंदी पट्टी में मुकाबला फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से है और इसे शोज भी ज्यादा नहीं मिले हैं, लेकिन एक्शन फिल्म होने का फायदा अजीत की फिल्म को मिलता दिख रहा है। फिल्म ‘वलिमै’ में हुमा कुरैशी भी एक दिलचस्प किरदार निभा रही हैं।
4 of 4
वालिमई
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘वलिमै’ में हुमा एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही है। बड़े परदे पर वह पहली बार एक्शन करती भी नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर हुमा का उत्साह देखते ही बनता है। वह दक्षिण भारतीय शहरों में जाकर लोगों से मिल रही हैं। चेन्नई में फिल्म के पहले दिन की सुबह के शोज में भी वह मौजूद रहने वाली हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी काफी अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। इस बारे में हुमा कुरैशी कहती है, "मैं इस साल की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत ही खुश हूं। फिल्म ‘वलिमै’ को दर्शकों से जो प्रतिक्रिया और प्यार मिल रहा है, वह जबर्दस्त है। दक्षिण में प्रचार करना हमेशा रोमांचक होता है।”