ऋतिक रोशन की अपकमिंग फिल्म ‘सुपर 30’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। पटना में ऋतिक की फैन फॉलोविंग इतनी है कि जब भी वह शूटिंग के लिए वहां पहुंचते सेट से उनके लुक की तस्वीरें लीक होने लगती, जिसे देखते हुए फिल्म के मेकर्स ने सेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए। पटना के बाद ऋतिक बनारस में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
शूटिंग से समय निकालकर ऋतिक बनारस घूमने और शॉपिंग करते हुए भी देखे जा रहे हैं। बनारस बनारसी साड़ियों के लिए लोकप्रिय हैं, सूत्रों की मानें तो ऋतिक ने इस मौके का फायदा उठाते हुए दो बनारसी साड़ियां खरीद लीं।
ऋतिक ने एक साड़ी मां के लिए और एक बहन सुनैना के लिए खरीदी। ऋतिक को अपनी मां और बहन की पसंद के बारे में अच्छी तरह से पता था इसलिए उन्होंने अलग-अलग डिजाइन और रंगों की साड़ियां लेने का फैसला किया।
अब तक आपने 6 पैक एब्स, लहराते हुए बाल, चमकदार स्किन और ग्लैमर से भरे ऋतिक को देखा है, लेकिन सुपर 30 में ऋतिक एक बिहारी की भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म में उनके लुक को देख निश्चित तौर पर आप कुछ देर के लिए ही सही लेकिन ऋतिक के पुराने सभी किरदारों को भूल जाएंगे। विकास बहल द्वारा निर्देशित और साजिद नाडियाडवाला के एनजीई प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत, ऋतिक रोशन अभिनीत 'सुपर 30' अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी।