मशहूर पंजाबी गायक रहे सिद्धू मूसेवाला को यह दुनिया छोड़े एक महीने से अधिक हो गया है। मगर, फैंस अपने चहेते गायक के गम से अभी तक उबर नहीं पाए हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब चाहने वाले सिद्धू मूसेवाला को याद न करते हों। सिद्धू मूसेवाला के फैंस सिर्फ देश ही नहीं, दुनियाभर में हैं। उनकी मौत का शोक पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी मनाया गया। अब पाकिस्तान से मूसेवाला को लेकर एक और खबर सामने आई है, जो किसी को भी हैरान कर सकती है। यहां के उप चुनाव में चुनावी पोस्टर्स पर सिंगर की तस्वीर छापी जा रही हैं।
Sidhu Moose wala in Pakistan: पाक उपचुनाव में भुनाई जा रही मूसेवाला की लोकप्रियता? पोस्टर पर नजर आई सिंगर की फोटो
किसने छपवाई फोटो?
सिद्धू मूसेवाला के पास शोहरत की कोई कमी नहीं थी। उनकी इसी शोहरत का सहारा पाकिस्तान के उप चुनावों में लिया जाता दिख रहा है। बता दें कि पाकिस्तानी पंजाब में होने वाले उपचुनाव में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी पीटीआई के मुलतान क्षेत्र से उम्मीदवार जैन कुरैशी का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सिद्धू मूसेवाला के एक मशहूर गाने '295' का हवाला उनकी तस्वीर के साथ दिया गया है। बता दें कि जैन कुरैशी पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पीटीआई के डिप्टी चेयरमैन शाह महमूद कुरैशी के बेटे हैं। पिछले आम चुनाव में मुल्तान से जीतकर नेशनल असेंबली में पहुंचे थे। इसलिए हाल ही में सरकार गिरने के बाद उनकी पार्टी ने नेशनल असेंबली से इस्तीफा देने का फैसला किया था।
तस्वीर से बेखबर हैं कुरैशी
एक मीडिया संस्थान ने जब जैन कुरैशी से पोस्टर पर छपी मूसेवाला की तस्वीर के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। साथ ही कहा कि कुछ दोस्तों की तरफ से उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले इस पोस्टर की तस्वीरें भेजी गई हैं। लेकिन, उन्हें नहीं मालूम कि यह तस्वीर पोस्टर पर कैसे आई है। तस्वीर को लेकर जैन कुरैशी ने यह कहा है कि जिसने भी यह तस्वीरें पोस्टर पर छपवाई हैं, वह उसका शुक्रिया अदा करना चाहेंगे। क्योंकि, उसकी वजह से पोस्टर बुरी तरह वायरल हुआ है। हमारा कोई पोस्टर इतना वायरल नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किसने यह काम किया और इसके पीछे क्या मकसद था?
ट्रक पर भी दिखी थी तस्वीर
बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान में ट्रक वालों ने भी सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। लोगों ने ट्रक पर चेहेत सिंगर की तस्वीर वाला पोस्टर लगाया था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। इस वीडियो में एक शख्स अपने ट्रक के पीछे सिद्धू मूसेवाला का पोस्टर बना रहा है। इसके बाद उसे साफ करता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं कुछ लोगों ने बाइक पर सिद्धू की तस्वीर छपवाई। और... अब चुनावी पोस्टर पर मूसेवाला की तस्वीर वायरल हो रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान में सिद्धू मूसेवाला की लोकप्रियता का क्या आलम है। बता दें कि 29 मई 2022 को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।