'पद्मावत' ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है। इस फिल्म को रिलीज हुए महज एक हफ्ता ही हुआ है लेकिन इसकी ताबड़तोड़ कमाई लगातार जारी है यहां तक की यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली है। फिल्म की जबरदस्त कमाई के बीच फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली ने बॉलीवुड के 'पैडमैन' के बारे में ऐसी बात कह दी जिसे सुनकर ट्विंकल खन्ना को फक्र महसूस होगा।
'पैडमैन' की रिलीज तारीख आगे बढा़ने को लेकर संजय लीला भंसाली ने अक्षय कुमार की जमकर तारीफ की। भंसाली ने कहा - 'यह हम दोनों की फिल्मों के लिए जरूरी था। मैंने अक्षय से कहा कि दोनों को एक साथ रिलीज ना करें क्योंकि बड़ा नुकसान होगा। मैं इस स्थिति में नहीं हूं कि किसी भी तरह का नुकसान झेल सकूं, अक्षय ने मेरी बात समझी।'
इसके साथ ही भंसाली ने कहा - 'उनके इस बर्ताव ने इंडस्ट्री में एकजुटता को प्रदर्शित किया है। अक्षय ने अपनी फिल्म की तारीख बदकर सिनेमाजगत में एक नया बदलाव लाया है। अक्सर लोग अपनी फिल्म की तारीख बदलने से इंकार कर देते हैं लेकिन एक फैसला घमंड और पैसे का एक अच्छा समायोजन भी हो सकता हैं।'
आपको बता दें, 'पैडमैन' और 'पद्मावत' दोनों ही फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने वाली थी। ऐसे में रिलीज के महज कुछ दिन पहले ही भंसाली के कहने पर अक्षय ने अपनी फिल्म की तारीख 9 फरवरी करने का ऐलान प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया था।