संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' का नाम बदलकर 'पद्मावत' करने के साथ ही इसमें एक और A लगा दिया गया है। फिल्म के निर्माताओं ने फेसबुक पर फिल्म के वेरिफाइड अकाउंट का नाम बदलकर पद्मावत कर भी दिया है। बदले हुए इस नाम में गौर करने वाली बात ये है कि इसकी स्पेलिंग में एक A एक्स्ट्रा जोड़ा गया है।
स्पॉटबॉय में छपी खबर के मुताबिक संजय लीला भंसाली के लिए 3,6 और 9 नंबर लकी हैं। पहले फिल्म का नाम Padmavati था। सेंसर बोर्ड ने नाम पर आपत्ति दर्ज कर की, ऐसे में नाम Padmavat रखने का प्रस्ताव दिया गया, इस नाम को टोटल करें तो नंबर 8 आता है। शायद यहीं वजह है कि फिल्म के नाम में एक A एक्स्ट्रा जोड़ा गया।
खबर है कि फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी। हालांकि अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई कन्फर्म रिलीज डेट नहीं बताई गई है। वहीं फिल्म की रिलीज को लेकर करणी सेना का रूख अभी भी तनावपूर्ण है।
आपको बता दें कि हाल ही में सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव के साथ 'पद्मावत' को हरी झंडी दे दी थी। पहले ये फिल्म 'पद्मावती' 1 दिसंबर, 2017 को रिलीज होनी थी। लेकिन फिल्म को लेकर देशभर में हुए विरोध के बाद रिलीज डेट को टाल दिया गया था।
इस फिल्म में दीपिका पादुकोण पद्मावती की भूमिका में जबकि रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद राज रतन सिंह रावल के किरदार में नजर आएंगे।