महामारी की दूसरी लहर के बाद तेजी से सामान्य हो रही मुंबई की जिंदगी के बीच अभिनेता रणवीर सिंह ने भी सोमवार से शूटिंग शुरू कर दी है। उन्हें यहां मुंबई के एक स्टूडियो में शूटिंग के लिए तैयार होते देखा गया। ‘अमर उजाला’ ने पिछले महीने ही सबसे पहले आपको खबर दी थी कि पेड टेलीविजन चैनल देखने वालों की पसंद में फिर से अव्वल नंबर बनने की लगातार कोशिशें कर रहे चैनल कलर्स ने इस बार मॉनसून में अपना सबसे बड़ा तुरुप का पत्ता फेंकने का मन बना लिया है। हिंदी सिनेमा के हीरो नंबर वन रणवीर सिंह इस चैनल पर अपना एक खास शो लेकर आने वाले हैं। शो अगले महीने से शुरू होने वाला है। और, सूत्रों की मानें तो रणवीर सिंह ने सोमवार से जो शूटिंग शुरू की है, वह इसी शो के लिए है। रणवीर को बारिश की बूंदाबांदी के बीच पीले रंग की जैकेट पहने हुए अपनी कार से निकलकर स्टूडियो में घुसते कैमरे में कैद किया गया। सोमवार की शूटिंग को लेकर न तो चैनल की तरफ से और न ही रणवीर सिंह की तरफ से कोई आधिकारिक एलान किया गया है।
2 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जिस स्टूडियो में ये शूटिंग शुरू हुई है वहां के गेटकीपर की मानें तो रणवीर हर लॉकडाउन के बाद फिर से शूटिंग शुरू करने वाले एक्टर्स में से एक रहे हैं। हमेशा की तरह इस बार भी वह फिर से काम शुरू करने वालों में आगे रहे और वह कोशिश कर रहे हैं कि सेट पर सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहें। स्टूडियो में बाकी लोगों ने भी इसी भावना को दोहराया और कहा कि यह देखकर काफी उत्साह बढ़ता है कि रणवीर जैसे सुपरस्टार बाहर निकलकर इस इंडस्ट्री में अपना योगदान दे रहे हैं, जो इस महामारी की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है।
3 of 5
रणवीर सिंह, निर्देशक शंकर और प्रोड्यूसर जयंती लाल गड़ा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इस बारे में हालांकि रणवीर सिंह की टीम सिर्फ इतना ही कह ही है कि वह एक बड़े प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रहे थे जिसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, ‘अमर उजाला’ इसकी जानकारी पिछले महीने ही दे चुका है। सोमवार को शुरू हुई शूटिंग पर रणवीर काफी कड़ी मेहनत करते दिखे। ये शो कलर्स चैनल का है और चैनल प्रबंधन की इस बारे में अभिनेता रणवीर सिंह से लंबी लंबी बातें हाल ही में होती रही हैं।
4 of 5
रणवीर सिंह- IncInk ग्रुप
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
‘अमर उजाला’ ने आपको महीने भर पहले बताया था कि रणवीर सिंह ने कलर्स चैनल के एक गेम शो का होस्ट बनने के लिए हां कर दी है। सीरीज का नाम ‘न्यू बिग रियलिटी सीरीज’ है और रणवीर सिंह का छोटे परदे पर बतौर होस्ट ये डेब्यू होगा। शो महीने भर बाद शुरू होने की टाइमलाइन पर काम शुरू हो चुका है। ये शो प्रतिभागियों के सामान्य ज्ञान की ही परीक्षा लेगा लेकिन यहां ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तरह कोई सवाल नहीं पूछा जाएगा बल्कि होस्ट अपने प्रतिभागियों को कुछ तस्वीरें दिखाएगा। 12 राउंड वाले इस शो के विजेता को पांच करोड़ रुपये का इनाम मिलने वाला है। शो में लाइफ लाइन्स भी होंगी और सवालों का जवाब देने के लिए प्रतिभागियों की कुछ दूसरे तरीकों से भी मदद की जाएगी।
5 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
छोटे परदे पर रणवीर सिंह की एंट्री को लेकर उनके करीबी भी खासे उत्सुक हैं। रणवीर की फिल्में ‘83’ और ‘जयेश भाई जोरदार’ पूरी हो कर रिलीज की राह देख रही हैं। करण जौहर और रिलायंस एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में भी उनका एक खास रोल है। फिल्म ‘83’ में रणवीर मशहूर खिलाड़ी कपिल देव का रोल करते दिखने वाले हैं। छोटे परदे पर बतौर होस्ट अपनी पीढ़ी के वह पहले ऐसे कलाकार हैं जो एंट्री करने जा रहे हैं।