रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अपनी फिल्मों से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं । इन दिनों ये दोनों लव बर्ड फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग कर रहे हैं । हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रणबीर ने आलिया के साथ अपने रिलेशन पर खुलकर बात की ।
रणबीर ने कहा कि वो अपने फैंस के साथ लुका-छिपी का खेल नहीं खेलना चाहते हैं । हमारे बीच जो कुछ भी है वो पब्लिक नॉलेज में है । कभी-कभी कुछ बातें गलत भी छाप दी जाती हैं । कुछ सही भी होती हैं, तो ये सब चलता रहता है।
उन्होंने कहा, 'मैं अपनी जिंदगी के खुशहाल, सकारात्मक और खूबसूरत फेज से गुजर रहा हूं। आप अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक हद तक ही बात कर सकते हैं। नहीं तो यही आपकी प्राथमिकता बन जाता है और काम पीछे छूट जाता है।'
रणबीर कहते हैं, 'किसी की भी पर्सनल लाइफ के बारे में जानने को लेकर उत्सुकता तो रहती ही है, लेकिन आपको लोगों की रिलेशनशिप को सम्मान भी देना चाहिए, जिससे ये महज गॉसिप न रह जाए।' रणबीर ने आलिया से शादी करने को लेकर भी बात की ।
उन्होंने कहा, 'ये सब तब होगा जब हम दोनों चाहेंगे और ये बिल्कुल नेचुरल होगा । जरूरी नहीं है कि मैं 35 का हो गया हूं तो मुझे शादी कर लेनी चाहिए । अभी ऐसी कोई बात नहीं है ।' फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में आलिया के साथ काम करने को लेकर रणबीर ने कहा कि 10 साल लगातार काम करने के बाद मैं कभी-कभी थका हुआ महसूस करता हूं, लेकिन जब मैं उसके कमिटमेंट को देखता हूं तो मुझे और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।