टीवी की दुनिया के पहले सुपरहीरो 'शक्तिमान' (Shaktimaan) के लिए उत्सुकता आज भी लोगों के बीच उतनी ही है जितनी कि पहले थी। इस किरदार को छोटे पर्दे पर मुकेश खन्ना (Mukesh Khanna) ने निभाया था और 8 साल तक 'शक्तिमान' बनकर मनोरंजन किया। इस बीच 'शक्तिमान' से जुड़ी एक ऐसी खबर आई है जो प्रशंसकों के चेहरे पर मुस्कान ले आएगी। सोशल मीडिया पर 'शक्तिमान' की एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि शक्तिमान एक बार फिर से पर्दे पर वापसी कर रहा है।
14 साल बाद लौट रहा है 'शक्तिमान', इस बार मुकेश खन्ना नहीं ये अभिनेता निभाएगा किरदार
यह वायरल तस्वीर किसी और ने नहीं बल्कि इंस्टाग्राम पर 'ओरू अदार लव' के डायरेक्टर उमर लुलु ने साझा की है। इस तस्वीर में शक्तिमान के कपड़ों में साउथ सिनेमाजगत के अभिनेता मुकेश नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को साझा करते हुए उमर लुलु ने लिखा- 'सबसे ताकतवर आदमी। धमाका लोकेशन फन।' शक्तिमान के कपड़ों में मुकेश की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
അന്തസ്സുള്ള ശക്തിമാൻ DHAMAKA Location Funs 😁#omarlulu #dhamaka
A post shared by OMAR LULU (@omar_lulu_) on
अब आप सोच रहे होंगे कि मुकेश 'शक्तिमान' के रूप में टीवी पर फिर से वापसी कर रहे हैं। दरअसल, मुकेश का यह लुक उनकी अगली फिल्म का हिस्सा है। इस फिल्म के एक हिस्से में 'शक्तिमान' के लुक में लोगों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे। मुकेश खन्ना के सीरियल 'शक्तिमान' की बात करें तो लंबे वक्त से ऐसी खबरें आ रही हैं कि जल्द ही उसका दूसरा सीजन आ सकता है।
यह भी पढ़ें:- 14 साल बाद मुकेश खन्ना ने बयां किया दर्द, इस वजह से बंद करना पड़ा था 'शक्तिमान'
खास बात है कि शक्तिमान के बंद किए जाने को लेकर भी सवाल उठते आए हैं। मुकेश ने इंटरव्यू के दौरान सीरियल को बंद किए जाने के बारे में विस्तार से बताया। मुकेश खन्ना ने कहा- 'पहले शक्तिमान शनिवार को सुबह और मंगलवार की शाम को प्रसारित होता था। नॉन प्राइम टाइम होने के बावजूद शो अच्छा चल रहा था। शो के लिए दूरदर्शन को 3.80 लाख देने होते थे। उस जमाने में शो प्रायोजित होते थे और विज्ञापनों से हमारी कमाई होती थी। करीब 100-150 एपिसोड ऐसे चला।'
मुकेश खन्ना ने आगे कहा- 'भारी फीस देने की वजह से मुझे नुकसान हो रहा था। मैं शक्तिमान कभी बंद नहीं करना चाहता था लेकिन मुझे मजबूरी में ऐसा करना पड़ा। इस बारे में काफी लिखा भी गया कि बच्चों के गिरने की वजह से शो को बंद किया गया, ऐसा नहीं था। मुझसे लोग लगातार पूछ रहे हैं कि शक्तिमान का सीजन 2 कब ला रहे हैं। सच बताऊं तो मैं भी उतनी ही बेसब्री से शक्तिमान के दूसरे सीजन का इंतजार कर रहा हूं। उम्मीद है बहुत जल्द हम मिलेंगे।' गौरतलब है कि 'शक्तिमान' सीरियल 13 सितंबर 1997 को शुरू हुआ था। इसका आखिरी एपिसोड 27 मार्च 2005 को आया था। इस सीरियल को बंद हुए 14 साल बीत चुके हैं।