अभिनेता, मॉडल और फिटनेस प्रमोटर मिलिंद सोमन बीते दिनों अपनी न्यूड तस्वीर के चलते विवादों में घिर गए थे। गोवा में उनके खिलाफ अश्लीलता फैलाने का मामला दर्ज भी कराया गया था। हालांकि ये विवाद अब शांत हो गया है। इस बीच मिलिंद ने बताया है कि उन्होंने 30 दिन में 1500 किलोमीटर की दौड़ लगाई थी।
जब 30 दिन में 1500 किमी दौड़े थे मिलिंद सोमन, साझा की 2012 की तस्वीर
55 साल के मिलिंद सोमन इस उम्र में किसी युवा से ज्यादा फिट नजर आते हैं। फिटनेस से जुड़ी तस्वीरें और वीडियोज आए दिन वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा करते रहते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मिलिंद से काफी प्रभावित हैं।
अब मिलिंद ने इंस्टाग्राम पर अपनी तीन तस्वीरें साझा की हैं। इनको साल 2012 में शूट किया गया था। एक तस्वीर में मिलिंद चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं जबकि दूसरी तस्वीर में वह अपने दो सहयोगियों के साथ कड़कती धूप में सड़क पर शर्टलेस नजर आ रहे हैं। वहीं तीसरी तस्वीर में वह तरबूज खाते दिखाई दे रहे हैं।
इन तस्वीरों को साझा करते हुए मिलिंद ने लिखा है, 'मई 2012- 30 दिनों में पांच राज्यों से होकर दिल्ली से मुंबई 1500 किमी दौड़ा था। यह पर्यावरण को हो रहे नुकसान से संबंधित मुद्दों पर बात करने के लिए एक पहल थी। लेकिन सभी मुद्दों के पर एक-दो बार, यहां तक कि 100 बार बात करने से भी बहुत फर्क नहीं पड़ता है।'
मिलिंद ने आगे लिखा है, 'चाहे अपना स्वास्थ्य हो, या पर्यावरण का, हमें हर दिन सकारात्मक कार्रवाई करने की आवश्यकता है। हर पल सकारात्मक चुनाव करें। केवल वही खरीदें जो आपको वास्तव में बिल्कुल चाहिए। एक्टिव रहें। अच्छा खाएं।'
A post shared by Milind Usha Soman (@milindrunning) on