फिल्मों की जानकारी देने के क्रम में आज हम आपको बताएंगे 21 अप्रैल 1978 को रिलीज हुई फिल्म 'कसमे वादे' के बारे में। निर्माता निर्देशक रमेश बहल की इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और राखी की जोड़ी बनी। दिलचस्प बात ये है कि राखी ने बाद में निर्देशक रमेश सिप्पी की फिल्म शक्ति में अमिताभ बच्चन की मां का भी किरदार निभाया। कभी कभी, बरसात की एक रात और बेमिसाल उनकी अन्य प्रमुख फिल्में हैं।
निर्देशक गोल्डी बहल के पिता रमेश बहल की इस फिल्म में अमिताभ और राखी के अलावा रणधीर कपूर, नीतू सिंह और अमजद खान भी थे। अमजद खान ने इस फिल्म में एक खूंखार विलेन जूडा का रोल किया, जिसके पीठ पर कूबड़ निकला हुआ होता है। साल 1978 में अमिताभ बच्चन और राखी दो और फिल्मों में साथ नजर आए। ये फिल्में थी, त्रिशूल और मुकद्दर का सिकंदर।
2 of 5
Kasme Vaade
- फोटो : amar ujala mumbai
फिल्म कसमे वादे की कहानी डबल रोल की तमाम कहानियों जैसी है। अमित और सुमन एक दूसरे से बहुत प्यार करते हैं और शादी करने वाले हैं। अमित का छोटा भाई राजू गलत संगत में पड़ जाता है। राजू को बचाने के चक्कर में एक दिन अमित की जान चली जाती है। सुमन दोबारा शादी न करने का फैसला करती है। इसी बीच एक अपराधी शंकर की मुलाकात राजू से होती है। राजू उसे अपना बड़ा भाई मानकर सुधरने की कसमें खाने लगता है। लेकिन शंकर को समझ नहीं आया कि वो ऐसा क्यों कर रहा है। और फिर एक दिन शंकर और सुमन आमने सामने आ जाते हैं।
3 of 5
Kasme Vaade
- फोटो : social media
फिल्म कसमे वादे के राइट्स बाद में दूसरी भाषाओं में फिल्में बनाने के लिए भी बिके। इसे तेलुगू में 'चेसिना बसालू (1980)', तमिल में 'धर्मथिन थलाइवन (1988)' और सिंहली भाषा में 'नवाथा हमूवेमु (1986)' नाम से रीमेक बनाया जा चुका है। डबल रोल वाली फिल्मों में ये फिल्म कल्ट फिल्म मानी जाती है। और अमिताभ बच्चन की उन तमाम फिल्मों में शामिल है जिनमें अमिताभ बच्चन ने एक रोल में अच्छे आदमी का और दूसरे रोल में बुरे आदमी का किरदार निभाया।
4 of 5
Kasme Vaade
- फोटो : social media
अमिताभ बच्चन के समय के पाबंद होने के किस्से तो आपने खूब सुने होंगे लेकिन कभी आपने सुना है कि किसी फिल्म की शूटिंग अमिताभ बच्चन की वजह से देरी से शुरू हुई हो, वह भी एक दो घंटे नहीं बल्कि पूरे 10 दिन। जी हां, फिल्म कसमे वादे को लेकर एक किस्सा ये भी है कि इस फिल्म की शूटिंग के कश्मीर शेड्यूल में सभी लोग अपने समय से पहुंच गए थे लेकिन अमिताभ बच्चन एक शो के लिए अमेरिका में थे और वहां से लौटने में उन्हें 10 दिन की देरी हो गई। इस दौरान कश्मीर में सभी लोग बस पिकनिक मनाते रहे।
5 of 5
Kasme Vaade
- फोटो : social media
फिल्म का एक और दिलचस्प किस्सा है। राखी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि फिल्म के एक सीन में उन्होंने अमिताभ को जो चांटा जड़ा है, वह एकदम असली है। अमिताभ उस समय थोड़े से बीमार थे और उन्हें इसके बारे में कोई अंदाजा भी नहीं था कि राखी उन्हें सच में थप्पड़ मार देंगी। फिल्म में उस चांटे के बाद अमिताभ के चेहरे पर दिखे भाव एकदम असली हैं। राखी ने यह भी बताया कि अमिताभ ने उसी दिन कहा था कि वह राखी से उस चांटे का बदला लेकर रहेंगे। हालांकि, ऐसा कभी हुआ ही नहीं। यह फिल्म आप घर बैठे यूट्यूब पर देख सकते हैं।