बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत अक्सर अपनी लव-लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। लेकिन फिलहाल कंगना सिंगल हैं और किसी को भी डेट नहीं कर रहीं हैं। ताजा मामला यह है कि कंगना ने अपने प्रेमी यानी अपने किंग में क्या खूबियां होनी चाहिए इसका खुलासा किया है।
आमतौर पर लड़कियों की ख्वाइश होती है कि उनका प्रेमी टॅाल, डार्क एंड हैंडसम हो या फिर हंसमुख स्वभाव का हो । लेकिन क्वीन का मानना है कि जो भी लड़का उनकी जिंदगी में आए वो देशभक्त हो। कंगना चाहती हैं कि उनका ब्वॉयफ्रेंड अपने देश से प्यार करने वाला होना चाहिए। हाल ही में एक टाक शो में पहुंची कंगना ने अपनी यह इच्छा जाहिर की।
शो में जब कंगना से पूछा गया कि कैसे उनके अंदर देशभक्ति का जज्बा आता है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मैं शुरू से ही ऐसी हूं, मुझे अपनी मातृभूमि और देश से प्यार है और मुझे लगता है कि अगर मेरा ब्वॉयफ्रेंड देशप्रेमी नहीं होगा तो मैं उससे ब्रेकअप कर लूंगी। कंगना ने कहा कि अगर वह अपने देश, अपनी मातृभूमि के लिए समर्पित नहीं हो सकता है तो फिर मेरे लिए कैसे समर्पित होगा।
कंगना का कहना था कि मातृभूमि मेरे लिए बहुत मायने रखती है, मैं हिंदू ,मुस्लिम और ईसाई ना होकर खुद को एक भारतीय मानती हूं। गौरतलब है कि कंगना फिलहाल अपनी फिल्म मणिकर्निका की शूटिंग में व्यस्त हैं। कंगना फिल्म में रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका निभा रहीं हैं। कंगना फिल्म मणिकर्निका का आखिरी शेड्यूल बीकानेर में शूट कर रहीं हैं। फिल्म साल के अंत तक रिलीज होगी।