अभिनेत्री जूही चावला का एक ट्वीट चर्चा में हैं। जूही चावला की डायमंड इयररिंग मुंबई एयरपोर्ट पर कहीं खो गई है। इससे वह काफी परेशान हो गईं। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से मदद की गुहार लगाई। साथ ही कहा कि जो कोई भी उनका यह इयररिंग ढूंढ़कर देगा वह उसे उचित इनाम देंगी।
मुंबई एयरपोर्ट पर खो गई जूही चावला की डायमंड इयररिंग, ढूंढने वाले को अभिनेत्री की तरफ से मिलेगा खास इनाम
जूही चावला ने लिखा कि ‘सुबह मैं मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टी2 गेट नंबर आठ पर जा रही थी। अमीरात काउंटर पर मैंने चेक इन किया। सिक्योरिटी चेक इमीग्रेशंस हुआ, इसी बीच कहीं मेरी डायमंड इयररिंग गिर गई। अगर कोई मेरी मदद कर पाए तो मैं बहुत खुश हो जाऊंगी। आप पुलिस को जानकारी दीजिए, मैं आपको इनाम दूंगी। ये मेरा मैचिंग पीस है जिसे मैं 15 साल से लगातार पहन रही हूं। प्लीज ढूंढने में मदद कीजिए। धन्यवाद।‘
अपने इस पोस्ट के साथ जूही चावला ने डायमंड इयररिंग के दूसरे पीस की तस्वीर भी साझा की है जिसे उन्होंने हाथों से पकड़ रखा है। उन्होंने यह ट्वीट बीते रविवार को किया था। जूही की इस पोस्ट पर यूजर्स लगातार रिएक्शन दे रहे हैं। जल्द ही उनका यह ट्वीट वायरल हो गया।
Kindly help 🙏 pic.twitter.com/bNTNYIBaZ2
कुछ समय पहले जूही चावला ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) पर जमकर भड़ास निकाली थी। वह जिस काउंटर पर खड़ी थीं वहां लोगों की भारी भीड़ थी। जूही चावला ने एयरपोर्ट अधिकारियों से अपील करते हुए कहा था कि लंबे समय से यात्री यहां फंसे हुए हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को शर्मनाक बताया।
बता दें कि जूही चावला ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 1986 में फिल्म 'सल्तनत' से की। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही। इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की ओर रुख किया। वहां कुछ फिल्में करने के बाद जूही ने फिर से बॉलीवुड की ओर रुख किया। जूही चावला को पहला बड़ा ब्रेक फिल्म 'कयामत से कयामत' तक में मिला। फिल्म हिट साबित हुई और इसका फायदा जूही चावला को मिला। इसके बाद उन्होंने 'बोल राधा बोल' 'आईना', 'हम हैं राही प्यार के' और 'डर' सहित अन्य हिट फिल्में दीं।