फिल्म 'जो जीता वही सिकंदर' (1992) और 'कभी हां कभी ना' जैसी हिट फिल्मों में शाहरुख-आमिर के साथ काम कर चुके दीपक तिजोरी लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं । इन दोनों फिल्मों में जितनी चर्चा आमिर खान और शाहरुख खान की हुई थी, उतना ही जिक्र दीपक तिजोरी का भी हुआ था। दीपक 28 अगस्त को अपना 58वां बर्थडे सेलिब्रेट करने जा रहे हैं ।
फिल्म 'आशिकी' से एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले दीपक तिजोरी ने कई फिल्मों का निर्देशन भी किया है। मगर बीते सालों में कोई दमदार ऑफर ना मिलने की वजह से लोगों के दिल और दिमाग से उतरने लगे और गुमनामी में चले गए। 17 साल बाद दीपक तिजोरी फिल्म 'साहब बीवी और गैंगस्टर 3' में एक दमदार रोल में नजर आए थे ।
इस फिल्म में उन्होंने संजय दत्त के छोटे भाई का किरदार निभाया । इससे पहले वह फिल्म 'सड़क' (1991) और 'वास्तव' (1999) में संजय दत्त के साथ काम कर चुके थे। इस फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धूलिया ने किया । इस सीरीज की पहली दो फिल्में सुपरहिट रही थीं ।
दीपक तिजोरी ने बताया कि जब वह फिल्ममेकर तिग्मांशु धूलिया से मिलने गए थे, तब उनकी दाढ़ी बढ़ी हुई थी। अपने इसी लुक में उन्होंने कुछ तस्वीरें भी खिंचवाई थीं जो उन्होंने अपने डायरेक्टर दोस्त को दे दी। जब फिल्म 'साहब बीवी और गैंगस्टर 3' के निर्माता राहुल मित्तल की नजर उन तस्वीरों पर पड़ी तो उन्होंने दीपिक को इस फिल्म में कास्ट करने का फैसला ले लिया।
ऐसा नहीं है कि दीपक तिजोरी के पास कोई काम नहीं था। बतौर एक्टर साल 2014 में उनकी फिल्म 'राजा नटवरलाल' आई थी। हालांकि, इस फिल्म में उनका रोल बहुत छोटा था। साल 2016 में बतौर डायरेक्टर उनकी फिल्म 'दो लफ्जों की कहानी' रिलीज हुई थी। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल ना दिखा सकी।