अपनी ही पत्नी के कॉल रिकॉर्ड्स की जांच कराने के मामले में एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बाद अब एक्टर टाइगर श्रॉफ की मां आयशा श्रॉफ और कंगना रनौत का भी नाम सामने आया है। हाईप्रोफाइल सीडीआर रैकेट में ठाणे पुलिस ने इस रैकेट में शामिल वकील रिजवान सिद्दीकी को गिरफ्तार कर चुकी है। उससे पूछताछ में नए खुलासे हो रहे हैं।
रिजवान ने पूछताछ में एक्ट्रेस कंगना रनौत और जैकी श्रॉफ की पत्नी आयशा के नाम बताए हैं। पुलिस के मुताबिक, दो साल पहले कंगना ने ऋतिक रोशन का मोबाइल नंबर वकील को दिया। फिलहाल, इसके पीछे की वजह सामने नहीं आई है, पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में कंगना ने बयान दिया है।
कंगना ने बताया, मेरा सीडीआर स्कैम से कोई लेना देना नहीं है। जब हम किसी नोटिस का जवाब देते हैं तो सारी डिटेल्स वकील को दे देते हैं। ऐसे में गलत अनुमान के अाधार पर ये मान लेना किसी भी स्टार की गलत छवि पेश करने जैसा है। किसी भी तरह की धारणा बनाने से पहले इस मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र पुलिस ने पिछले दिनों ठाणे में मोबाइल कम्पनियों से कॉल डिटेल चुराने वाले गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपी प्राइवेट जासूसों के लिए टेलिकॉम कंपनियों से कॉल रिकॉर्ड हासिल करते थे। इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के नाम सामने आ चुके हैं।
वहीं बात करें ऋतिक रोशन और कंगना रनौत विवाद की तो दोनों का विवाद पिछले एक साल से बॉलीवुड का सबसे हॉट टॉपिक बना हुआ है। कंगना ने जहां पिछले दिनों एक टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू में ऋतिक के सामने कई सवाल खड़े किए, वहीं इसके जवाब में ऋतिक ने कंगना के खिलाफ 29 पेज का एक शिकायती पत्र पुलिस का दिया था।