'बिग बॉस' का 12वां सीजन आज रात 9बजे से शुरू हो रहा है। टीवी के इस पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस' में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट के नामों का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शो शुरू होने से पहले शामिल होने वाले कई कंटेस्टेंट के नाम सामने आए हैं। इस बीच आज तक ने अभी तक आधिकारिक रूप से 19 नामों का खुलासा किया है। इस साल भी सेलिब्रिटीज के साथ कॉमन लोग घर में हिस्सा लेंगे। जिनमें 7 कंटेस्टेंट सेलिब्रिटीज हैं जबकि 6 जोड़ियां कॉमनर हैं।
'बिग बॉस 12' शुरू होने से पहले ही 19 कंटेस्टेंट के नाम लीक, इस सेलिब्रिटी जोड़ी ने अचानक छोड़ा शो
करणवीर बोहरा
सबसे पहले बात करते हैं टीवी के सीनियर एक्टर करणवीर बोहरा की। करणवीर का नाम पिछले कुछ समय से लगातार सामने आ रहा था। पिछले सीजन में जिस तरह हितेन तेजवानी घर में एक सीनियर एक्टर थे उसी तर्ज पर करणवीर बोहरा को लाया गया है। अब देखना होगा कि क्या हितेन की तरह करणवीर भी लोगों का दिल जीत पाते हैं या नहीं। उनके एक्टिंग करियर की बात करें तो करणवीर पिछले 12 सालों से काम कर रहे हैं। उन्होंने 'कसौटी जिंदगी की', 'कुबूल है' और 'नागिन 2' में भूमिका निभाई है।
दीपिका कक्कड़ इब्राहिम
कुछ महीने पहले ही दीपिका कक्कड़ अपने ब्वॉयफ्रेंड शोएब इब्राहिम के साथ शादी के बंधन में बंधी। दीपिका की ये दूसरी शादी है। 'ससुराल सिमर का' में 'सिमर' की भूमिका निभाकर चर्चा में आईं दीपिका कक्कड़ 'बिग बॉस' के घर में जाने वाली हैं। इससे पहले दीपिका रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' और 'नच बलिए' में नजर आ चुकी हैं।
नेहा पेंडसे
फिल्म और टीवी एक्ट्रेस नेहा पेंडसे 'बिग बॉस' में हिस्सा लेंगी। नेहा ने मराठी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और हिंदी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने कई एड फिल्मों में काम किया है। खास बात ये है कि पेंडसे 90 के दौर में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में भी नजर आ चुकी हैं। वो 'पड़ोस', 'हसरतें', 'खुशी' जैसे सीरियल्स में बाल कलाकार के तौर पर नजर आई थीं। हाल ही में उन्होंने कपिल शर्मा की को-एक्टर का रोल निभाया था।
अनूप जलोटा
जाने-माने भजन गायक अनूप जलोटा बिग बॉस में एंट्री कर रहे हैं। अनूप जलोटा ने पहले इस विवादित शो का हिस्सा बनने से मना कर दिया था लेकिन इसके बाद 'बिग बॉस' के मेकर्स ने उन्हें मनाने की हर कोशिश की और वह आखिरकार मनाने में कामयाब रहे। अब अनूप जलोटा ने इस शो में शामिल होने के लिए हां कर दिया है। अपने पूरे करियर में विवादों से दूर रहे अनूप जलोटा 'बिग बॉस' के घर में कैसे सफर करेंगे ये देखना होगा।